खरड़। सन्नी एनक्लेव खरड़ में कई सालों से मूलभूत सुविधाओं से वंचित लोगों को जल्द ही निजात मिलेगी। सन्नी एनक्लेव में बिजली के ट्रांसफार्मर 15 दिन में लगा दिए जाएंगे और कॉलोनी की अंदरूनी सड़कों का निर्माण भी जल्द करवा दिया जाएगा।
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर पूजा एस. ग्रेवाल द्वारा बुलाई गई एक विशेष बैठक बुधवार को नगर परिषद खरड़ में हुई। इसमें पहुंचे सन्नी एनक्लेव के मालिक जरनैल सिंह बाजवा ने यह वादा अधिकारियों की मौजूदगी में किया। इस मौके पर पंजाब बिजली निगम के अधिकारी, नगर परिषद के अधिकारी तथा सन्नी एनक्लेव वेलफेयर सोसायटी के प्रधान, सचिव व अन्य गण्यमान्य लोग शामिल थे।
सन्नी एनक्लेव वेलफेयर एसोसिएशन का कहना था कि सन्नी एनक्लेव के सेक्टर-123, 124, 125 बाजवा डेवलपर्स ने बसाए थे। सात साल से अधिक का समय बीतने के बाद भी गमाडा के साथ हुए समझौते के मुताबिक ये नगर परिषद खरड़ को नहीं सौंपे गए हैं। लोग इस बारे में नगर परिषद खरड़, सन्नी एनक्लेव के एमडी जरनैल सिंह बाजवा, गमाडा आफिस समेत सभी प्रशासनिक अधिकारियों को अपनी समस्याएं बता चुके हैं। उनका कहना है कि उन्होंने अपनी जिंदगी भर की कमाई यहां मकान बनाने पर लगा दी है लेकिन उन्हें बुनियादी सुविधाएं पानी, बिजली, सड़कें, पार्क तथा गलियों की सफाई सुविधा आदि डेवलपर द्वारा नहीं दी जा रही हैं। केन्द्रीय विहार की मेन रोड़ पर कई सालों से बड़े-बड़े गड्ढे पड़े हैं जिनकी मरम्मत तक नहीं की गई है।
काउंसिल ने यह दलील दी
नगर परिषद खरड़ का कहना है कि डेवलपर्स जरनैल सिंह बाजवा ने नगर परिषद खरड़ में बनती फीस जमा नहीं करवाई है। इस कारण नगर परिषद सन्नी एनक्लेव के इन सेक्टरों को अपने क्षेत्र में शामिल नहीं कर रही है। वहीं जरनैल सिंह बाजवा का कहना है कि उन्होंने नगर परिषद का कोई पैसा नहीं देना है। नगर परिषद और डेवलपर्स की आपसी खींचतान का खमियाजा सन्नी एनक्लेव के निवासी भुगत रहे हैं। लोगों की समस्याएं देखते हुए डीसी के आदेश पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर पूजा एस ग्रेवाल ने बैठक बुलाकर प्रशासन व नगर परिषद को तुरंत सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए काम करने को कहा।