मोहाली के गांव भागोमाजरा में बुधवार सुबह लूट की नीयत से हथियारों से लेस तीन व्यक्ति एक बुजुर्ग दपंती के घर घुसे। आरोपियों ने परिवार को पहले अपनी बातों में उलझाया। इसके बाद कमरा देखने की बात कहीं। हालांकि परिवार वालों ने कमरे के लिए मना कर दिया तो वहां से चले गए। इसके बाद दोबारा फिर घर में आए।
साथ ही बुजुर्ग महिला को पानी पिलाने की बात कहकर घर की कुंडी लगा दी। इस बीच बुजुर्ग महिला ने होशियारी से पहले आरोपियों को पानी पिलाया और उसके बाद घर से निकलकर शोर मचा दिया। इस दौरान रिवाल्वर समेत एक व्यक्ति को लोगों ने दबोच लिया जबकि दो व्यक्ति फरार हो गए। सोहाना थाने के जांच अधिकारी सतनाम सिंह ने कहा कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लोगों ने संत सिंह नाम के जिस आरोपी को पकड़ा है, उसके बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस स्टेशन सोहाना में संत सिंह, अन्नू तथा बौबी नाम के तीनों आरोपियों खिलाफ आई.पी.सी. की धारा 452, 506 व अन्य कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी संत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वह चंडीगढ़ के किसी सरकारी विभाग में कार्यरत है। दूसरे दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक गांव भागोमाजरा में गुरुद्वारा साहिब के नजदीक प्यारा सिंह नाम का एक व्यक्ति पत्नी के साथ रहता है। वह रिटायर मुलाजिम है। बुधवार सुबह 12 बजे के करीब तीन व्यक्ति उनके घर आए जो पंजाबी बोलते थे, साथ ही खुद को अमृतसर का रहने वाला बता रहे थे। प्यारा सिंह की पत्नी अमरजीत कौर को उन्होंने बताया कि वे राधा स्वामी डेेरे का मानते हैं। उन्होंने सफेद रंग के कपड़े पहने हुए थे। ऐसे में गुरु भाई मानकर उन्हें घर के अंदर बुला लिया। साथ ही चाय पिलाने का फैसला लिया।