मोहाली। पुलिस ने 50 ग्राम हेरोइन और 95 हजार रुपये ड्रग मनी सहित तीन लोगों को काबू किया है। यह गिरफ्तारी सीआईए स्टॉफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर हरमिंदर सिंह के नेतृत्व में किया गया है। जिला पुलिस ने बताया कि सीआईए स्टॉफ की टीम शिवजोत एनक्लेव खरड़ के एंट्री गेट के नजदीक नाकाबंदी करके संदिग्ध वाहनों और शरारती लोगों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान कुराली साइड से एक संदिग्ध व्यक्ति पैदल आता दिखाई दिया। शक के आधार पर उसकी जांच की गई तो उसके गले में पड़े क्रॉस बैग से 50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति गुरप्रीत सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान गुरप्रीत सिंह ने बताया कि वह राहुल सहौता और गोबिंद सिंह उर्फ गोपी (जो हिम्मतपुरा गिवाली गेट के निवासी है) के साथ मिलकर यह काम कर रहा है। एक दिन पहले ही उन्हें हेरोइन सप्लाई करके एक लाख रुपये ड्रग मनी देकर आया है। पुलिस ने बताया कि सीआईए स्टॉफ ने राहुल सहौता और गोबिंद सिंह उर्फ गोपी को गिलवाली गेट अमृतसर से 95 हजार रुपये ड्रग मनी सहित गिरफ्तार किया। पुलिस इन तीनों से पूछताछ कर रही है।