जीरकपुर। वीआईपी रोड की जयपुरिया सोसाइटी में रविवार दोपहर एक फ्लैट में लाखों रुपये की चोरी हो गई। चोरों ने दिनदहाड़े फ्लैट का डिजिटल ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।
वे सोने-चांदी के सिक्के, चांदी की क्रॉकरी, तीन महंगी घड़ियां और करीब एक लाख रुपये नकद ले गए। फ्लैट मालिक सहज गोयल ने पुलिस को शिकायत दी है।
उन्होंने बताया कि शनिवार को वह काम के सिलसिले में चंडीगढ़ गए थे। उनकी पत्नी मायके गई हुई थी। घर पर ताला लगा हुआ था। चोरों ने इसी दौरान वारदात को अंजाम दिया। गोयल के अनुसार, घर से एक सोने का सिक्का, चांदी की क्रॉकरी (चम्मच, प्लेट और कटोरी आदि), करीब 45 हजार रुपये कीमत की तीन घड़ियां और लगभग एक लाख रुपये नकद चोरी हुई है।
चोरी हुए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है। चोरी की यह वारदात सोसाइटी और फ्लैट में लगे कैमरों में कैद हो गए हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।