मोहाली। जिले के लोगों को उनके घरों के नजदीक एक ही छत के नीचे सभी सरकारी सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से बड़ी पहल की गई है। इसके मद्देनजर सेवा केंद्रों के माध्यम से प्रशासन ने अब 56 नई सेवाएं देनेे का फैसला लिया है। इन सेवाओं में पुलिस, ट्रांसपोर्ट और राजस्व विभाग से जुड़ी सेवाएं हैं। इसके बाद लोगों को पुलिस थानों से लेकर अन्य सरकारी दफ्तरों के धक्के खाने से मुक्ति मिल जाएगी।
इस संबंधी मंगलवार को डीसी गिरीश दियालन ने बताया कि जिले में जिला स्तरीय टाइप-1, तहसील स्तर टाइप-2- 11 और ग्रामीण स्तर पर टाइप तीन सेवा केंद्र हैं। इन सेवा केंद्रों के माध्यम से विभिन्न विभाग सेवाएं मुहैया करवाते हैं। जिले के सेवा केंद्रों में 271 नागरिक सेवाएं दी जा रही हैं। वहीं, सभी सेवा केंद्रों में रोजाना 1300 से 1500 लोग पहुंचते हैं, और कोरोना महामारी के दौरान भी यह केंद्र लगातार काम करते रहे हैं। इस दौरान 69 काउंटरों के माध्यम से 24 महीनों में 1.12 लाख सेवाएं दी गई हैं। इससे लोगों को काफी फायदा हुआ है। उन्हें विभिन्न सरकारी दफ्तरों के ध्क्के नहीं खाने पड़े और पूरी जानकारी उन्हें उनके मोबाइल पर मिलती रही।
सेवा केंद्र में होंगे पुलिस और ट्रांसपोर्ट विभाग संबंधी काम
सेवा केंद्रों में शुरू की गई नई 56 सेवाएं ट्रांसपोर्ट, पुलिस और राजस्व विभाग से जुडड़ी हैं। इन केंद्रों में सांझ केेंद्र की सेवाएं जैसे कि पुलिस विभाग में किसी आपराधिक घटना की शिकायत की पुष्टि करना और कार्रवाई की जानकारी लेना। वहीं, चोरी होने पर अनट्रेस कॉपी, वाहन चोरी के अनट्रेस रिपोर्ट की कॉपी, लाउड स्पीकरों के इस्तेमाल के लिए एनओसी प्रदर्शनी, खेल समाज के लिए एनओसी, वाहन की मलकीयत की एनओसी, वीजा के लिए पुलिस क्लीयरेंस, सामान जैसे कि डेबिट, क्रेडिट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन कार्ड आदि गुम होने की शिकातय, चरित्र सर्टिफिकेट, किरायेदारों की वेरिफिकेशन, पीजी कर्मचारियों की तस्दीक, घरेलू सहायक या नौकर की तस्दीक, नए हथियार के लिए लाइसेंस, नए आर्म लाइसेंस का नवीनीकरण करना और अधिकार क्षेत्र में विस्तार करना शामिल है।
अब यहीं से ले सकेंगे आरसी की नकल कॉपी
इसके अलावा केंद्र की सेवाओं में प्रॉपर्टी की फर्द की नकल कॉपी लेना, वाहनों का रजिस्ट्रेशन करना, वाहन किसी दूसरे के नाम करना, वाहन आरसी की नकल कॉपी या पता बदलवाना, हाईपोथिकेशन जोड़ने जैसे वाहन लोन पर खरीदना आदि काम भी यहीं पर किए जा सकेंगे। इसके अलावा अन्य राज्यों के लोगों के वाहन बेचने की एनओसी, आरसी वापस लेने, आरसी की अर्जी की स्थिति जांचने, लर्नर लाइसेंस, ड्राइविंग लाइसेंस के लिए बुकिंग अप्वाइंटमेंट, डुप्लीकेट ड्राइविंग लाइसेंस जारी करना, ड्राइविंग लाइसेंस रिन्यू करना, ड्राइविंग लाइसेंस में पता बदलना, ड्राइविंग लाइसेंस की तब्दीली, बड़े वाहन चलाने के लिए अनुमति लेना जैसे काम भी यहीं पर हो पाएंगे।
इनके अलावा पब्लिक ट्रांसपोर्ट के ड्राइवरों के लिए पब्लिक व्हीकल बैज जारी करना, पीएसवी बैज की नकल जारी करना, पहाड़ी क्षेत्र में वाहन चलाने की तस्दीक करना, ड्राइविंग लाइसेंस का नाम बदलना, मोबाइल अपडेट, कंडक्टर लाइसेंस रिन्यू करना, डुप्लीकेट लर्नर लाइसेंस में सुधार, ड्राइविंग लाइसेंस के लिए विनय पत्र वापस लेना, लाइसेंस ड्राइविंग लाइसेंस की अर्जी की स्थिति जांचना और ड्राइविंग लाइसेंस के भुगतान की स्थिति का पता करना होगा।