मोहाली चैंबर ऑफ इंडस्ट्री एंड कॉमर्स की मीटिंग में माैजूद प्रधान बलविंदर जिंदल व अन्य।
मोहाली चैंबर ऑफ इंडस्ट्री एंड कॉमर्स ने प्रधान बलविंदर जिंदल की अध्यक्षता में की बैठक
वाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। इंडस्ट्रियल एरिया फेज 9 के उद्योगपतियों की ओर से बनाई गई मोहाली चैंबर ऑफ इंडस्ट्री एंड कॉमर्स की मीटिंग प्रधान बलविंदर जिंदल की अध्यक्षता में हुई। मीटिंग के दौरान जिंदल ने कहा कि किसी भी राज्य की प्रगति उसकी अर्थव्यवस्था पर निर्भर करती है और इसमें सबसे बड़ा योगदान उद्योगों का होता है। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में सरकारें उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए प्रयास कर रही हैं। ताकि अधिक से अधिक निवेश उनके राज्यों में आकर्षित किया जा सके, जिससे राज्यों के विकास और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले। साथ ही रोजगार के अधिक अवसर पैदा हों। पंजाब में अधिक से अधिक निवेश किया जाना चाहिए ताकि हमारे राज्य का विकास और अर्थव्यवस्था और मजबूत हो सके। उन्होंने बताया कि मीटिंग के दौरान औद्योगिक क्षेत्र फेज 9 में खाली पड़े 100 से अधिक औद्योगिक प्लाटों में लगभग 1000 करोड़ रुपये का निवेश कर अपने उद्योग स्थापित करने पर सहमति व्यक्त की।
इस अवसर पर एमसीआईआई की उपाध्यक्ष सोनिका कंबोज ने बताया कि उन्होंने करीब तीन साल पहले औद्योगिक क्षेत्र फेज -9 में प्लॉट खरीदा था, लेकिन पीएसआईईसी से जरूरी मंजूरी न मिलने के कारण उन्हें उद्योग किराए के भवन में चलाना पड़ रहा है। जिसके बाद सदस्यों ने पंजाब सरकार से मांग की कि इस क्षेत्र में स्थापित होने वाली फैक्ट्रियों के लिए आवश्यक मंजूरियां (जैसे प्लाट प्लान की मंजूरी, मोर्टगेज पत्र जारी करना, पीएसपीसीएल द्वारा बिजली कनेक्शन, सीवरेज कनेक्शन आदि) जारी की जाएं। ताकि यहां जल्द से जल्द उद्योग स्थापित हो सकें।