जीरकपुर। जीरकपुर के बलटना, पटियाला व वीआईपी रोड पर गलत पार्किंग के कारण सुबह और शाम के समय जाम की स्थिति बनी रहती है। अगर इस दौरान यहां कोई मरीज एंबुलेंस में है तो इन रास्तों से निकलना मुश्किल है। सबसे ज्यादा परेशानी वीकेंड वाले दिन शनिवार और रविवार को होती है। इस समस्या का समाधान तभी संभव है, जब जीरकपुर नगर काउंसिल और ट्रैफिक पुलिस सख्त होगी।
वीआईपी रोड पर रोज शाम से लेकर रात तक ट्रैफिक की हालत इसी तरह बदतर रहती है। न तो नगर परिषद के अफसर इस तरफ ध्यान दे रहे हैं और न ही यहां पुलिस तैनात रहती है। सड़क के दोनों ओर दुकानें और बड़े शोरूम तो बना दिए गए हैं, लेकिन वहां पार्किंग के लिए पुख्ता प्रबंध नहीं हैं। ऐेसे में गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी होती हैं जिससे जाम लग जाता है।
बिना पार्किंग स्पेस के नक्शे पास होने से आ रही समस्या
जीरकपुर नगर काउंसिल के अधिकारियों की वजह से यह जाम लग रहा है। अब भी एमसी के अधिकारी यहां बिना पार्किंग की जगह देखकर शोरूम की पहली, दूसरी और बेसमेंट में पार्किंग की जगह दुकानों के नक्शे पास करने से बाज नहीं आ रहे हैं। पार्किंग की जगह नहीं होने के चलते लोगों को मजबूरन सड़क के किनारे गाड़ियां खड़ी करनी पड़ती हैं, ऐसे में जाम लग जाता है।