जीरकपुर। रविवार रात पीरमुछल्ला की बॉलीवुड हाइट्स सोसायटी के तीन फ्लैटों में चोरी हो गई। चोर दो लाख नकदी और कई तोला सोना चुराकर ले गए।
टॉवर-9 में रहने वाला एक परिवार चार दिन बाद घर लौटा तो दरवाजा खुला हुआ था। फ्लैट मालिक अर्जुन सिंह ने बताया कि जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो चोरों ने कटर से ताले तोड़कर अंदर रखी दो लाख की नकदी और कई तोले सोने के गहने चुरा लिए थे। इसकी कीमत करीब 25 लाख रुपये बनती है। इसके साथ ही एक और फ्लैट के ताले टूटे मिले। इस फ्लैट के मालिक विदेश में रहते हैं। बता दें कि सोसायटी के गेट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं होने से लोग चिंतित हैं। जांच अधिकारी का कहना है कि चोरों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जल्द चोरों को काबू कर लिया जाएगा।
पहले भी हो चुकी हैं चोरियां
जीरकपुर में सुरक्षित मानी जाने वाली सोसायटियों और अपार्टमेेंट्स में लगातार चोरियां हो रही हैं। पिछले दिनों वीआईपी रोड स्थित मोना ग्रीन्स और कुछ अन्य सोसायटियों में भी चोरी हुई है। इसके बाद पुलिस ने सोसायटियों के प्रधान और सुरक्षा प्रबंधकों को अनजान लोगों को बिना प्रवेश पत्र लिए अंदर न भेजने की हिदायत दी थी।