मोहाली। राज्य सरकार ने महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए निकाय चुुुनाव में 50 फीसदी सीटे महिलाओं के लिए आरक्षित की थीं। इसी आधार पर चुनाव हुए, लेकिन मोहाली नगर निगम में एक भी महिला तीन उच्च पदों तक पहुंचने में कामयाब नहीं हो पाई है।
ऐसा नहीं है कि महिलाएं इन पदों के योग्य नहीं थीं। कई महिला पार्षद उच्च शैक्षणिक योग्यता रखती हैं तो कुछ के पास सालों का राजनीतिक अनुभव है। समाजसेवी कुलवंत कौर का कहना है कि कांग्रेस के पास इस बार संपूर्ण बहुमत था। कांग्रेस को नए प्रयोग करने चाहिए थे, ताकि आने वाले समय में उन्हें विधानसभा चुनाव में फायदा मिल सके।
फूलों की बारिश के लिए लाए थे जेसीबी
वार्ड-10 के पार्षद अमरजीत सिंह जीती सिद्धू के मेयर बनने के मौके को यादगार बनाने के लिए कांग्रेस की तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ी गई थी। कांग्रेस कार्यकर्ता जेेेसीबी लेकर आए थे, जिसके माध्यम से फूलों की बारिश की गई।
ऐसे प्रस्तावित हुए मेयर से लेकर डिप्टी मेयर तक के नाम
सबसे अधिक मतों से पार्षद का चुनाव जीतने वाली बलजीत कौर ने अमरजीत सिंह जीती सिद्धू का नाम मेयर के लिए प्रस्तावित किया। कुलजीत सिंह बेदी ने इसके पक्ष में समर्थन किया। इसी तरह सीनियर डिप्टी मेयर के पद के लिए पार्षद राजिंदर सिंह राणा ने अमरीक सिंह सोमल का नाम पेश किया, जबकि जसबीर सिंह माणकू ने समर्थन किया। इसी तरह पार्षद परमजीत सिंह हैप्पी ने कुलजीत सिंह बेदी का नाम डिप्टी मेयर के लिए प्रस्तावित किया और रुपिंदर कौर ने इसका समर्थन किया।
प्रूनिंग मशीन के मामले की होगी जांच
सेहतमंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा कि कुछ साल पहले खरीदी गई प्रूनिंग मशीन के मामले की जांच करवाई जाएगी। साथ ही जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। शहर के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। इलाके को मॉडल शहर बनाया जाएगा।
सड़कों की होगी मरम्मत
नए मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने कहा कि नई सीवरेज लाइन बिछाने के लिए फेज-11 से पांच तक सड़क खोदी गई थी। इस सड़क की पहल के आधार पर मरम्मत की जाएगी। इस संबंधी टेंडर आवंटित कर दिया गया है।
एयरपोर्ट रोड पर रुकेंगे हादसे
सेहतमंत्री का कहना है कि एयरपोर्ट रोड पर हादसे रोकने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। एक तरफ जहां एयरपोर्ट रोड की खामियों को सुधारा जाएगा। वहीं, एयरपोर्ट रोड में एक जगह गुरुद्वारा साहिब आता है। इस धार्मिक स्थान को अन्य जगह पर शिफ्ट करने के लिए गुरुद्वारा कमेटी से बातचीत की जाएगी।