जीरकपुर। गाजीपुर रोड पर उस समय सनसनी फैल गई जब कुछ लोगों ने एक युवक को घेरकर उसकी कार छीन ली। मारपीट कर उसको जान से मारने की धमकियां दी। पीड़ित के बयान पर थाना जीरकपुर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। वार्ड नंबर-2 गांव बस्सी निवासी जसपाल सिंह टैक्सी चालक है। उसके पिता बलविंदर सिंह ने मार्च 2024 में एक सिल्वर रंग की आल्टो कार अक्षय कुमार निवासी सिरसा (हरियाणा) से खरीदी थी। कार के एक लाख रुपये नकद और 23 किश्तों का भुगतान तय हुआ था। पीड़ित पक्ष का कहना है कि अधिकतर किश्तें समय पर जमा की गईं, जबकि एक किश्त देरी से दी गई, जिस पर पेनल्टी भी अदा कर दी गई थी।
रास्ते में रोकी गाड़ी
जसपाल सिंह ने बताया कि 20 जुलाई 2025 की शाम करीब सवा छह बजे वह उक्त कार लेकर गाजीपुर रोड से गुजर रहा था। तभी एक सफेद रंग की वैगनआर कार और एक एक्टिवा ने उसको घेर लिया। कार में चार लोग और एक्टिवा पर दो लोग सवार थे। इनमें अक्षय कुमार, उसका पिता बंटी कुमार, राकेश कुमार और तीन अज्ञात लोग शामिल थे। आरोप है कि उन्होंने जसपाल सिंह के साथ गाली-गलौज की। बंटी कुमार ने थप्पड़ मारा और उसके कपड़े फाड़ दिए। इसके बाद गाड़ी की चाबी छीनकर उसे बाहर निकाल दिया। उसकी कार लेकर भाग गए। पीड़ित ने बताया कि बाद में उसने बंटी कुमार से कार वापसी को लेकर बात की थी। तब उसे भरोसा दिलाया गया कि कार लौटा दी जाएगी, लेकिन अब तक गाड़ी वापस नहीं की गई। पुलिस के मुताबिक मामले में अक्षय कुमार, बंटी कुमार, राकेश कुमार और तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।