मोहाली। जिला कांग्रेस कमेटी मोहाली ने जिला अध्यक्ष रणजीत सिंह जीती और स. बलबीर सिंह सिद्धू के नेतृत्व में सोमवार को जिला प्रशासन के आला अधिकारियों, डीसी और एसएसपी को एक ज्ञापन सौंपा। आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया द्वारा दिए गए भड़काऊ और गैरकानूनी बयान के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। रणजीत सिंह जीती ने कहा कि हाल ही में एक पार्टी मीटिंग के दौरान आप नेता मनीष सिसोदिया ने बयान दिया था कि 2027 का चुनाव जीतने के लिए हम कुछ भी करेंगे का यह बयान लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया की पवित्रता को ठेस पहुंचाता है। इस बयान का वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे सबूत के तौर पर रिकॉर्ड किया गया है।
उन्होंने मांग की कि वीडियो क्लिप की फोरेंसिक जांच सहित मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच की जाए और मनीष सिसोदिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस तरह के बयानों पर रोक नहीं लगाई गई तो आगामी चुनावों के दौरान पंजाब में शांति और कानून-व्यवस्था भंग होने का खतरा पैदा हो सकता है।