खरड़। हेडमास्टर गुरसेवक सिंह के हत्यारों को गिरफ्तार करने में मोहाली पुलिस की ढिलाई के विरोध में सरकारी टीचर यूनियन पंजाब ने प्रदर्शन किया। यूनियन ने पुलिस पर केवल खोखले दावे करने और जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।
गुरसेवक सिंह की पत्नी रघबीर कौर ने खरड़ अदालत के सामने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दिल्ली हवाई अड्डे से एक आरोपी को पकड़ने का दावा किया था। पुलिस ने सभी दोषियों को जल्द पकड़ने का आश्वासन भी दिया था। सात दिन का रिमांड लेने के बावजूद पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर पाई। आज खरड़ अदालत में पुलिस ने आरोपी का और रिमांड मांगने के बजाय न्यायिक कार्रवाई की मांग की।
जांच में खामियां और संगठनों की मांग
सरकारी टीचर यूनियन पंजाब के पूर्व प्रधान हरजीत सिंह बसोता, जिला प्रधान गुरजीत सिंह और फैडरेशन के राज्य महासचिव एन डी तिवारी ने पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक मई को गुरसेवक सिंह पर हुए हमले के बाद पुलिस चुपचाप सोती रही। परिणामस्वरूप, पांच अगस्त को उनके घर के सामने हुए जानलेवा हमले में उनकी हत्या कर दी गई। यूनियन नेताओं ने बताया कि हत्या में शामिल पांच आरोपियों में से केवल एक को ही पकड़ा जा सका है। सात दिन के रिमांड के बावजूद पुलिस अन्य चार आरोपियों के बारे में कोई जानकारी नहीं जुटा पाई। गुरसेवक सिंह के परिवार और अध्यापक संगठनों ने एसएसपी मोहाली, एडीजीपी ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन पंजाब और एसपीडी क्राइम से बैठकें कीं। उन्हें आरोपियों को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।