जीरकपुर। सब-तहसील जीरकपुर के बाहर अषटाम वेंडर, टाइपिस्ट, वकील और डीड राइटर्स ने अपनी हड़ताल नायब तहसीलदार के आश्वासन के बाद खत्म कर दी है। वहीं, हड़ताल खत्म होने के बाद अब लोगों को सरकारी दस्तावेज बनवाने में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
जानकारी के मुताबिक, बीते दिनों राजपुरा तहसील कांपलेक्स में एक व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिसको देखते हुए जीरकपुर सब-तहसील के बाहर मौजूद अषटाम वेंडर, टाइपिस्ट, वकील और डीड राइटर्स ने एहितयात के तौर पर अपने दफ्तरों को बंद करते हुए सरकारी दस्तावेज बनाने पर रोक लगा दी थी।
यहां बताना जरूरी है कि जीरकपुर सब-तहसील के बाहर अधिकतर लोग राजपुरा तहसील कांपलेक्स से संबंधित है, जो अपना अधिकतर काम राजपुरा तहसील कांपलेक्स से करवाते हैं। दूसरी ओर, हड़ताल होने से पिछले तीन दिनों में लोगों को प्रॉपर्टी की खरीद फरोख्त को लेकर बनाए जाने वाले दस्तावेजों के लिए भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वहीं, बीते 3 दिनों में लोगों को न तो अषटाम पेपर मिले और न ही जमीन की रजिस्ट्री की कॉपी लिखने वाला कोई टाइपिस्ट। इसके चलते लोगों को परेशानी होकर वापस जाना पड़ा। जीरकपुर सब-तहसील के नायब तहसीलदार वरिन्दर धुत्त ने कहा कि लोगों की परेशानी को देखते हुए बुधवार को अषटाम वेंडर, वकील, टाइपिस्ट एवं डीड राइटर्स आदि लोगों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्हें आ रही समस्याओं को सुलझाया गया है। अब यहां पहले की तरह लोगों के दस्तावेज तैयार हो सकेंगे।