मोहाली। शहर में सोमवार को हुई बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं, शहर के कुछ इलाकों में पानी निकासी के प्रबंध ठीक नहीं होने से सड़कें पानी से लबालब भर गईं। इससे लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। यह दिक्कत मोहाली शहर, चंडीगढ़ खरड़ नेशनल हाईव और अन्य सभी इलाकों में आई। कई जगह तो पार्कों के ट्रैक तक पानी में डूब गए, जिससे लोगों को शाम को भी सैर करने में दिक्कत उठानी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक शहर में सुबह करीब सवा 9 बजे बारिश शुरू हो गई थी, जो 11 बजे तक चली। इस दौरान सबसे ज्यादा दिक्कत फेज-8 स्थित नेचर पार्क में आई। पार्क के जॉगिग ट्रैक का काफी हिस्सा पानी में डूब गया। इससे लोगों को काफी मुश्किल आई। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड एवं विभाग के मुलाजिम सैर के लिए आते है। वहीं सैर नहीं कर पाए। इसी तरह रोज गार्डन के कुछ एरिया के ट्रैक भी पानी में डूबे हुए थे, इससे लोगों को दिक्कत उठानी पड़ी।
इसी तरह की परेशानी कुंभड़ा लाइट प्वाइंट पर आई, यहां पर लाइट प्वाइंट धंस गया। हाईवे के पास सड़क में एक ट्रक के पिछले टायर धंस गए। हालांकि किसी भी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। इसके अलावा एयरपोर्ट रोड पर कई जगह जलभराव की स्थिति बनी।