मोहाली। झुलसाती गर्मी और बिजली कटौती ने लोगों की रातों की नींद और दिन का चैन छीन लिया है। लोगों की रात बिजली के इंतजार में कट रही है। सबसे ज्यादा बुजुर्ग और बच्चे गर्मी और बिजली कटौती से परेशान हैं। गर्मी में बिजली कट का असर मोहाली शहर के अलावा खरड़, सन्नी एनक्लेव, बड़ माजरा, मोहाली गांव, शाही माजरा, ढकोली, जीरकपुर, जुझार नगर सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिला। ढकोली और खरड़ के निवासियों ने बताया कि रातभर बिजली आती-जाती रही। भीषण गर्मी में इन्वर्टर का चार्ज खत्म होने से लोगों को अंदर बाहर करते देखा। सन्नी एन्क्लेव, ढकोली, जीरकपुर समेत अन्य क्षेत्रों के लोगों ने सीएम पोर्टल समेत अन्य जगह शिकायत दर्ज कराई। सीएम पोर्टल पर बिजली संकट से परेशान लोगों ने दो हजार से ज्यादा शिकायतें दर्ज कराईं।
रात भर बिजली की आवाजाही ने बढ़ाई मुसीबत
खासकर खरड़ और उसके आसपास के इलाकों में रातभर बिजली की लगातार फ्लक्चुएशन ने लोगों की नींद हराम की। बड़ माजरा, जुझार नगर, बहलोलपुर सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति अनियमित बनी हुई है। किसानों और छोटे व्यापारियों को भी इससे भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। दिन के समय खेतों में पानी देना मुश्किल हो रहा है, वहीं व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। इस भीषण गर्मी में बिजली कटौती का मुख्य कारण बिजली की मांग में अप्रत्याशित वृद्धि और वितरण प्रणाली पर पड़ने वाला भारी दबाव बताया जा रहा है।
हालांकि, पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) की ओर से अभी तक इस गंभीर स्थिति पर कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग इस संकट से निपटने में विफल साबित हो रहा है। नागरिकों ने मांग की है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान दे और बिजली आपूर्ति को सुचारू बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए ताकि इस भीषण गर्मी में लोगों को और अधिक परेशानी का सामना न करना पड़े। यदि स्थिति जल्द नहीं सुधरी, तो लोगों का गुस्सा और बढ़ सकता है।