मोहाली। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. अमरपाल सिंह ने शुक्रवार को बोर्ड के सिंगल विंडो सिस्टम का दौरा कर वहां दी जा रही सेवाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पंजाब के विभिन्न जिलों से आए स्कूल प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और आम लोगों की समस्याएं व्यक्तिगत रूप से सुनीं और कई मामलों का समाधान तुरंत मौके पर ही करवाया। चेयरमैन ने मौके पर नाम, माता का नाम, जन्म तिथि सुधार, ट्रांसक्रिप्ट और वेरिफिकेशन से जुड़े लंबित मामलों को संबंधित कर्मचारियों को बुलाकर विद्यार्थियों के सामने ही निपटारा करवाया।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की नो टॉलरेंस टू करप्शन नीति के तहत पारदर्शिता बेहद जरूरी है, ताकि जनता का सरकारी संस्थाओं पर भरोसा मजबूत रहे। दौरे के दौरान कुछ सेवानिवृत्त अधिकारियों ने भी अपनी समस्याएं सामने रखीं, जिनके समाधान के लिए सिंगल विंडो पर विशेष कक्ष बनाया गया है। चेयरमैन ने निर्देश दिए कि रिटायर अधिकारियों से जुड़े सभी मामले इसी कक्ष में निपटाए जाएं, ताकि उन्हें अलग-अलग शाखाओं के चक्कर न काटने पड़ें। डॉ. अमरपाल सिंह ने बताया कि सिंगल विंडो का उद्देश्य बोर्ड की सभी सेवाओं को एक ही स्थान से उपलब्ध कराना है, जिससे दूर-दराज से आने वाले लोगों को सुविधा मिले। उन्होंने घोषणा की कि अगले दो से तीन महीनों में बोर्ड की सभी सेवाओं को ऑनलाइन सर्विस पोर्टल के माध्यम से शुरू किया जाएगा, जिससे छात्र घर बैठे ही सभी सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे।