लालडू। पुलिस ने गांव धर्मगढ़ के गुरुद्वारा साहिब की बेअदबी करने के आरोप में गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। उसके खिलाफ पुलिस ने सेक्शन 299 बीएनएस के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी की पहचान सतवीर सिंह उर्फ सत्ता निवासी गांव धर्मगढ़ के तौर पर की है। थाना लालडू के एएसआई निर्भय सिंह ने बताया कि गांव धर्मगढ़ के गुरुद्वारा साहिब के प्रेसिडेंट इंदरजीत सिंह की तरफ से दी गई शिकायत में कहा है कि जब पाठी सिंह सुबह 4:45 बजे गुरुद्वारा साहिब में पाठ कर रहे थे, तो गांव धर्मगढ़ का रहने वाला सतवीर सिंह उर्फ सत्ता नशे में धुत होकर नंगे सिर गुरुद्वारा साहिब में घुस गया और पाठ कर रहे पाठी सिंह को गालियां देने लगा।
इससे पाठी सिंह को मजबूरन बीच में ही पाठ रोकना पड़ा। उन्होंने बताया कि पाठी सिंह पहले उसे दरबार साहिब से बाहर ले गया और फिर गुरुद्वारा साहिब में मौजूद संगत के हवाले कर दिया। इसकी पूरी हरकत गुरुद्वारा साहिब में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने गांव की कमेटी की शिकायत पर उसके खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।