मोहाली। राज्य सरकार अब लोगों को तंदुरुस्त बनाने के लिए सेहत मेले आयोजित करेगी। ये मेले आजादी का अमृत महोत्सव के बैनर तले होंगे। इसकी शुरुआत 18 अप्रैल को फेज-छह स्थित डॉ. बीआर आंबेडकर आयुर्विज्ञान संस्थान से सेहत मंत्री विजय सिंह करेंगे। डीसी अमित तलवार ने इसकी पुष्टि की।
उन्होंने बताया कि मेले को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेलों में आने वाले लोगों के पीने के लिए ठंडे पानी, पंखों और व्हीलचेयर का प्रबंध रहेगा। जिला प्रशासन के मुताबिक राज्य सरकार ने हर जिले में मेले आयोजित करने की दिशा में फैसला लिया है। 18 अप्रैल को फेज-छह में सेहत मेला करवाया जाएगा। इसमें लोगों के विभिन्न बीमारियों के टेस्ट किए जाएंगे और दवाइयां फ्री में दी जाएंगी।
इसके बाद 20 अप्रैल को सेहत मेला सरकारी असप्ताल घड़ुआं, 21 अप्रैल को कम्युनिटी हेल्थ सेंटर ब्लॉक बूथगढ़ व 22 अप्रैल को ब्लॉक डेरबास्सी के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में लगेगा। सेहत मेलों में सेहत विभाग के अलावा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, युवा मामले एवं खेल विभाग, आयुष विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पंचायती राज संस्थान एवं शहरी विकास विभाग हिस्सा लेंगे, जो लोगों को जागरूक करेंगे। हर काउंटर पर एक जिम्मेदार कर्मचारी लगाया जाए जो सेहत मेलों में आने वाले लोगों को उचित जानकारी मुहैया करवाएंगे।
मेले में होंगे ये टेस्ट
इस मौके सेहत मेलों में दौरान फूड सेफ्टी विभाग की तरफ से फूड टेस्टिंग वैन लगाई जाएगी। इसमें खाने से संबंधित टेस्ट किए करवाए जा सकेंगे। इन टेस्टों की रिपोर्ट पंद्रह से बीस मिनट के अंदर मुहैया करवाई जाएगी। मेडिकल कॉलेज में लगने वाले सेहत मेले में अस्पताल से चार डॉक्टर अलग-अलग स्टॉल लगाकर बैठेंगे। इनमें एक दांतों और आंखों के डॉक्टर होंगे। वहीं दो मेडिसिन के डॉक्टर बैठेंगे। इसके साथ ही एक अलग से स्टॉल लगाया जाएगा। जहां कोई भी व्यक्ति अपने या परिवार के किसी सदस्य का अंगदान कराने के लिए रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।