नयागांव। शहर की नाडा रोड पर रविवार को दोपहर के बाद दर्दनाक हादसे में एक एक्टिवा सवार युवती की मौत हो गई। मृतका की पहचान 19 वर्षीय कामना, निवासी गंगानगर, राजस्थान के रूप में हुई है।
यह हादसा शाम करीब पांच बजे उस समय हुआ जब युवती एक्टिवा के पीछे बैठकर अपने दोस्त के साथ जा रही थी। इसी दौरान अचानक एक्टिवा का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गई। तभी वहां से गुजर रहे पानी के टैंकर का पिछला टायर युवती के सिर के ऊपर से निकल गया। इसका पता चलते ही ट्रैक्टर चालक वहीं रुक गया। इसके बाद गंभीर हालत में युवती को उसका दोस्त दुकानदार की मदद से पीजीआई लेकर गया। यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने ट्रैक्टर-टैंकर को जब्त कर लिया है और मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया है। परिजनों के आने के बाद युवती का पोस्टमार्टम किया जाएगा। नयागांव थाने की पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
यह हादसा सीसीटीवी में कैद हो गया है और पुलिस ने फुटेज कब्जे में ले ली हैं। बताया जा रहा है कि युवती विकास नगर में एक पीजी में रहती थी यहां रहकर पढ़ाई कर रही थी। वहीं पानी के टैंकर चालक की पहचान गुरविंदर सिंह निवासी नयागांव के रूप में हुई है। पुलिस मृतका के परिजनों के आने के बाद उनके बयान पर आगे की कार्रवाई करेगी।