मोहाली। विजिलेंस ब्यूरो ने विजिलेंस इंस्पेक्टर बनकर सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को धमकाकर रकम वसूलने के मामले का पर्दाफाश कर एक आरोपी को 50 हजार रुपये की वसूली करते दबोचा है। जबकि मुख्य आरोपी बलविंदर सिंह अभी फरार है। पकड़े गए आरोपी की पहचान गुरध्यान सिंह के रूप में हुई है। जो कि नकली विजिलेंस इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह उर्फ गुड्डू का बेटा है। विजिलेंस ने आरोपियों पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक विजिलेंस को राजस्व विभाग के पटवारी धर्मपाल सिंह ने शिकायत दी थी कि वह राजपुरा में तैनात है। उन्हें बलविंदर सिंह उर्फ गुड्डू ने फोन पर धमकाकर कहा था कि वह विजिलेंस का इंस्पेक्टर बोल रहा है। उसके पास उनके खिलाफ शिकायत मिली है। यदि वह उक्त शिकायत से बचना चाहता है तो पांच लाख रुपये देने होंगे। पटवारी को फोन करने वाले व्यक्ति पर संदेह हो गया। उन्होंने तुरंत विजिलेंस दफ्तर मोहाली में शिकायत दी। नकली विजिलेंस अधिकारी ने वसूली के 50 हजार रुपये लेने के लिए अपने बेटे गुरध्यान सिंह को पटवारी के पास भेज दिया। विजिलेंस ने ट्रैप लगाकर आरोपी गुरध्यान सिंह को राजपुरा रेलवे पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि जल्दी ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा। उनकी तरफ से इस संबंध में पूछताछ की जा रही है।