जीरकपुर। हाई सिक्योरिटी रॉयल मोतिया सिटी सोसाइटी में हुई लूट और नेपाली युवक रमेश की हत्या के मामले में पुलिस ने चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलावर सिंह निवासी पानीपत के रूप में हुई है, जो पहले इसी सोसाइटी में सुपरवाइजर की नौकरी कर चुका था। सोसाइटी की पूरी जानकारी होने के कारण उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 30 लाख रुपये का लूटा सोना भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार दिलावर सिंह पर पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके सहआरोपी हैप्पी निवासी गांव शताबगढ़, जीरकपुर और परविंदर सिंह उर्फ भिंदी व तरसेम सिंह उर्फ सोमा निवासी गांव झज्जो, बनूड, जिला पटियाला पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। सभी आरोपी सोसाइटी में ड्राइवर के रूप में काम कर चुके थे। सह आरोपियों की निशानदेही पर ही दिलावर को काबू किया गया। अदालत ने दिलावर को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है, जबकि उसके अन्य साथियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।