मोहाली। थाना बलौंगी के गोरखनाथ कॉलोनी बड़माजरा में पंचायती भूमि पर अवैध रूप से बनाई ड्रग तस्कर की संपत्ति को पुलिस ने ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस प्रशासन और ग्राम पंचायत ने संयुक्त रूप से की। ध्वस्त की गई संपत्ति संजय शाह की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार संजय शाह नशा तस्करी से जुड़े कई आपराधिक मामलों में संलिप्त है। उसने यह निर्माण पंचायती भूमि पर अवैध रूप से किया था। लंबे समय से इस जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतें सामने आ रहीं थीं।
इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। यह पूरी कार्रवाई एसपी (पीबीआई) दीपिका सिंह और डीएसपी खरड़ करण सिंह संधू की निगरानी में की गई। मौके पर बीडीपीओ सतवंत सिंह रंधावा भी मौजूद रहे। एसएसपी मोहाली हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि आरोपी संजय शाह के खिलाफ कुल पांच एफआईआर दर्ज हैं। इनमें से तीन मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना फेज-1 मोहाली और थाना बलौंगी में दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि ड्रग तस्करी से अर्जित अवैध धन से खड़ी की गई संपत्तियों को ध्वस्त करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों की आर्थिक रीढ़ तोडने के लिए ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।