खरड़। खरड़ के नामी स्कूल के बाहर पांच दिसंबर को शिक्षिका सरबजीत कौर की हुई हत्या के मामले में गिरफ्तार की गई उसकी सास शिंदर कौर को पुलिस ने अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे पांच दिन के लिए पुलिस रिमांड में भेजने के आदेश दिए। हालांकि मामले का संदिग्ध हरविंदर सिंह अभी पुलिस के न तो हाथ लगा है और न ही उससे कोई संपर्क हो पा रहा है। हालांकि पुलिस यह मानकर चल रही है कि उक्त व्यक्ति देश में ही है। हालांकि वह फोन का इस्तेमाल नहीं कर रहा है।
थाना सदर खरड़ के एसएचओ अमनदीप सिंह ने बताया कि सरबजीत कौर के पिता राज कुमार ने बेटी की हत्या में उसके पति हरविंदर सिंह संधू व उसकी माता शिंदर कौर पर शक जाहिर किया था। इसके बाद पुलिस ने शिंदर कौर से की पूछताछ तथा जांच के बाद उसे गिरफ्तार किया है।
इन सवालों के जवाब में जुटी पुलिस
पुलिस ने सास से पता करना है कि उसके पुत्र हरविंदर सिंह संधू की पहली पत्नी कर्मजीत कौर विदेश क्यों गई है और क्या पहले वह कभी विदेश गई थी। इसके अलावा हरविंदर सिंह संधू के बारे में पता करना है कि वह अब कहां है। यह भी पूछना है कि हत्या के मामले में और कौन-कौन शामिल है। शुरुआती पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई है कि इस मामले के मुख्य आरोपी हरविंदर सिंह ने मां के साथ मिलकर सरबजीत को खत्म करने की साजिश रची थी क्योंकि सर्बजीत कौर उस पर विवाह करवाने का दबाव डाल रही थी। इस कारण ही हरविंदर सिंह ने पिछले महीने ही अपना घर छोड़ दिया था।