मोहाली। सरबत सेहत बीमा योजना जरूरतमंदों के लिए लाभदायक साबित हो रही है। शहर में योजना के तहत 58 साल के मरीज का घुटना बदलने का ऑपरेशन किया गया। सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने अस्पताल में भर्ती मरीज का हाल-चाल जाना। उन्होंने बताया कि मरीज किसी निजी अस्पताल में ऑपरेेशन करवाना चाहता था। इस पर लगभग डेढ़ लाख रुपये खर्च आना था लेकिन सरबत सेहत बीमा योजना के तहत मरीज को एक रुपये अदा नहीं करना पड़ा। जिला अस्पताल में इस योजना के तहत अब तक दो मरीजों के घुटनेे बदले गए हैं।
आर्थो सर्जन डॉ. नवजोत कादरा ने पांच घंटे तक चले ऑपरेशन में माछीवाड़ा के मलकीत सिंह का बायां घुटना बदला। उन्होंने बताया कि जब मरीज मेरे पास आए थे तो उन्हें घुटने में दर्द के कारण चलने-फिरने में भी दिक्कत आ रही थी। घुटने की जांच के बाद उसे बदलने का फैसला लिया गया। मरीज अब पूरी तरह ठीक है। मरीज के दाएं घुटने का ऑपरेशन भी आने वाले 15 दिन में कर दिया जाएगा। इस मौके डिप्टी मेडिकल कमिश्नर डॉ. दलजीत सिंह, सीनियर मेडिकल अफसर डॉ. मनजीत सिंह आदि मौजूद रहे। मरीज ने ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर का धन्यवाद किया।