मोहाली। सेक्टर-91 में टैटू आर्टिस्ट को अगवा कर बेरहमी से पीटकर उसे रेलवे ट्रैक के पास छोड़ने का मामला सामने आया है। हमले में युवक के दोनों पैरों की हड्डियां टूट गईं और शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं। उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल भर्ती करवाया गया है। डाक्टरों की सूचना पर पुलिस ने घायल के बयान लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
घायल हल्लोमाजरा चंडीगढ़ निवासी शोभित जीरकपुर में टैटू की दुकान चलाता है। शोभित के अनुसार वीरवार को उसे सेक्टर-91 के एक घर पर टैटू बनाने के लिए कॉल आई। दोपहर करीब दो बजे पटियाला लाइट पॉइंट से उसने कैब बुक करवाई। मौके पर पहुंचते ही एक व्यक्ति ने उसे जबरन कार में बैठाने की कोशिश की। तभी दो अन्य गाड़ियां पहुंचीं, जिनमें 15 युवक सवार थे। आरोपियों ने शोभित को एक व्यक्ति की फोटो दिखाकर उसका पता पूछा।
शोभित ने बताया कि वह उसे व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता, केवल उसकी दुकान पर टैटू बनवाने आया था। इसके बावजूद आरोपियों ने उसे एक पुराने हमले के मामले में संदिग्ध मानकर उसे घेर लिया। बाद में आरोपी उसे गाड़ी में पीटते हुए रेलवे ट्रैक के पास ले गए, जहां हॉकी डंडों से दोनों पैरों पर वार कर तोड़ दिया गया। कुछ देर बाद शोभित ने अपने भाई को फोन कर बुलाया, जिसने उसे अस्पताल पहुंचाया।