मोहाली। हॉकी पंजाब की ओर से जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में आयोजित पंजाब स्टेट हॉकी चैंपियनशिप (सब जूनियर लड़के एवं लड़कियां) का समापन उत्साह के साथ हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेशभर की टीमों ने भाग लिया और अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
लड़कों के वर्ग में मोहाली की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। फाइनल तक पहुंचने के लिए मोहाली ने सेमीफाइनल में तरणतारन को 3-1 से हराया था।
वहीं लड़कियों के वर्ग में बठिंडा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की। बठिंडा ने सेमीफाइनल में मलेरकोटला को 3-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई और खिताबी मुकाबले में भी अपना दबदबा बनाए रखा।
लड़कों के वर्ग में तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में तरणतारन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं लड़कियों के वर्ग में पटियाला ने मलेरकोटला को हराकर तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया।
सेमीफाइनल मुकाबले भी काफी रोमांचक रहे। लड़कों के वर्ग में जालंधर ने अमृतसर को 5-1 से हराया, जबकि मोहाली ने तरणतारन को 3-1 से मात दी। लड़कियों के वर्ग में भी मुकाबले बेहद दिलचस्प रहे। मुक्तसर साहिब ने पटियाला को 2-0 से हराकर फाइनल की ओर कदम बढ़ाया, जबकि बठिंडा ने मलेरकोटला को 3-0 से हराकर अपनी दावेदारी मजबूत की।