मोहाली। कनाडा निवासी एक एनआरआई से फेसबुक मार्केटप्लेस के जरिये 99 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मोहाली पुलिस ने एक महिला के खिलाफ केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक, एनआरआई विंग पंजाब के आदेश पर हुई है।
शिकायतकर्ता अमरिंदर सिंह हुंदल ने 21 अप्रैल 2026 को एनआरआई विंग में शिकायत दी थी। उन्होंने फेसबुक मार्केटप्लेस पर अपना आईफोन 17 प्रो मैक्स बिक्री के लिए सूचीबद्ध किया था। जैसमीन हुंदल नामक युवती ने फोन खरीदने की इच्छा जताई और उन्हें मोहाली बुलाया। युवती ने फोन और रसीद लेने के बाद मौके पर 20 हजार रुपये दिए। उसने शेष 99 हजार रुपये बाद में बैंक खाते में भेजने का भरोसा दिया। शिकायत के अनुसार, कई दिनों तक रकम मांगने पर आरोपी युवती टालमटोल करती रही। बाद में उसने फोन वापस करने के लिए बुलाया लेकिन तय समय पर उसका मोबाइल बंद मिला। फ्लैट मालिक से संपर्क करने पर पता चला कि महिला ने उनके साथ भी धोखाधड़ी की थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि महिला ने 99 हजार रुपये भेजने की फर्जी रसीद भेजी, जबकि उनके खाते में कोई राशि नहीं पहुंची। एनआरआई विंग की जांच के बाद थाना एनआरआई मोहाली ने जैसमीन कौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है।
महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश की जा रही है। -इंस्पेक्टर सिमरन, जांच अधिकारी, एनआरआई विंग