अस्पताल के दौरे दौरान पंजाब के सेहत और परिवार भलाई मंत्री बलवीर सिंह सिद्धू ।
- फोटो : MOHALI
कुराली। पंजाब की कैप्टन सरकार राज्य में सेहत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए वचनबद्ध है। यह बात सेहत और परिवार भलाई मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने कही। सेहतमंत्री कुराली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा करने पहुंचे थे। उन्होंने हड़ताल कर रहे लोगों से संघर्ष खत्म कर अस्पताल स्टाफ से सहयोग करने की अपील की। दौरे के दौरान हड़ताल कर रहे लोगों ने नारेबाजी भी की।
बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हर प्रकार की सुविधाएं मौजूद हैं। अब यहां डॉक्टरों की कमी को भी पूरा कर दिया गया है। इसके अलावा अस्पताल में कोरोना टीकाकरण का भी विशेष प्रबंध किया गया है। हड़ताल कर रहे लोगों से उन्होंने कहा कि अकाली दल ने अस्पताल का दर्जा घटाकर इसे डी-गेड किया था। अस्पताल का स्तर गिरने के लिए अकाली दल जिम्मेदार है। इस मौके पर सेहत विभाग के डायरेक्टर गुरविंद्रवीर सिंह, हरकेश चंद, एसएमओ वीरेंद्र कौर, पार्षद बहादुर सिंह ओके, जसविंदर सिंह गोल्डी, गो सेवा कमीशन पंजाब के वाइस चेयरमैन कमलजीत चावला, आढ़ती एसोसिएशन के पूर्व प्रधान बिट्टू खुल्लर, कांग्रेस के सिटी प्रधान नंदीपाल बंसल, राकेश कालिया, डॉ. अश्वनी कुमार, जसवीर राठौर और दिनेश गौतम आदि मौजूद रहे।
चार हजार डॉक्टरों की हुई नियुक्ति
अस्पताल का दौरा करते हुए बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा कि राज्य में चार हजार डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा 1200 पेरा मेडिकल स्टाफ की भर्ती की गई है, वहीं 800 वार्ड अटेंडेंट जल्द भर्ती किए जाएंगे। सरकार की ओर से लोगों को गांव स्तर पर सेहत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए तीन हजार हेल्थ वेलनेस केंद्र स्थापित किए गए हैं।