मोहाली। जिला पुलिस ने दो लोगों को चोरी की एक्टिवा व हथियार समेत काबू किया है। इतना ही नहीं आरोपियों की गिरफ्तारी से बड़माजरा में करीब दस महीने पहले हुई पेंटर संजय की हत्या का केस भी सुलझा गया है। आरोपियों की पहचान रोहतास निवासी जिला झुंजनू राजस्थान हाल निवासी गांव फैदा चंडीगढ़ के रूप में हुई। जबकि उसके साथी अजय अगरहारी निवासी जिला गोरखपुर उत्तर प्रदेश हाल निवासी नजदीक प्राचीन शिव मंदिर फेज-दो राम दरबार चंडीगढ़ के रूप में हुई। एसएसपी सतिंदर सिंह ने आरोपियों को गिरफ्तार की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एसपी हरमनदीप हंस व डीएसपी गुरचरण सिंह की अगुवाई में टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सीआईए स्टाफ को सूचना मिली कि आरोपी जगतपुरा एरिया में किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को जगतपुरा से दबोच लिया। आरोपियों से पुलिस को चोरी की एक एक्टिवा व एक पिस्तोल 12 बोर व एक रौंद बरामद हुआ। आरोपियों पर सोहाना थाने में चोरी व आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पूछताछ में सामने आया कि बलौंगी थाने के एरिया में 28 जून को आरोपी ने एक हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। गांव बड़माजरा में महिलाओं के सामने नशे में कुछ युवक पेशाब कर रहे थे। पेंटर संजय ने युवाओं की हरकत का विरोध किया था। संजय से आरोपियों ने बहस शुरू कर दी थी, लेकिन लोगों ने बीच बचाव किया था। इसके बाद देररात आरोपी फिर से उसके घर आए और हत्या कर फरार हो गए थे।