डेराबस्सी। नगर परिषद वर्कर यूनियन एटक के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। हड़ताल में पंजाब एटक के उपप्रधान विनोद चुग ने विशेष तौर पर शिरकत की।
विनोद चुग ने कहा कि पंजाब सरकार सफाई कर्मियों के साथ सरेआम धक्का कर रही है। डेराबस्सी नगर परिषद में इस समय करीब 200 सफाई सेवक हैं, जिन्हें ठेकेदार के अधीन रखा गया है। एक तरफ पंजाब सरकार विधायकों के बच्चों को नौकरी देने की बात कर रही है, जोकि सरासर गलत है। जबकि सफाई कर्मी अपनी नौकरी को पक्का करने के लिए संघर्ष करने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने पंजाब सरकार से कच्चे कर्मियों को जल्द पक्का करने की मांग की।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर यूनियन के महासचिव दविंद्र कुमार, सचिव सोमनाथ, विनोद कुमार, खजांची जीवन कुमार, सुरिंद्र ताप, संजीव कुमार, जसविंदर सिंह, रामपाल और अजय कुमार सहित अन्य सफाई कर्मी भी उपस्थित रहे।
निकाय विभाग को नहीं भेजी सूची
सफाई कर्मी तीन दिन से हड़ताल पर बैठे हैं, परंतु अभी तक परिषद प्रधान ने उनसे कोई बातचीत नहीं की है। इसके अलावा परिषद की ओर से अभी तक स्थानीय निकाय विभाग को यहां कार्य करने वाले अस्थायी कर्मियों की मांगने पर भी सूची नहीं भेजी गई है। सफाई यूनियन के प्रधान हरविंद्र कुमार ने कहा कि जब तक सरकार कच्चे मुलाजिमों को पक्का नहीं करती है तब तक हड़ताल जारी रखी जाएगी।
गंदगी से शहरवासी परेशान
शहर में सफाई सेवकों की हड़ताल से जगह-जगह पर गंदगी के ढेर लग गए हैं। कूड़े के ढेरों की गंदगी अब सड़कों तक पहुंचना शुरू हो गई है। कूड़े में लावारिस पशु मुंह मारते रहते हैं। इससे उठने वाली बदबू से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि सरकार को सफाई कर्मियों की मांगें मान कर हड़ताल करवानी चाहिए, ताकि शहर में साफ सफाई उचित तरीके से हो सके।