मोहाली। शहर के फेज-1 वार्ड–50 और फेज-6 में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ गया है। सोमवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों को कुत्तों ने काट लिया। इसके बाद क्षेत्र में दहशत है। लोगों का कहना है कि कुछ महीनों से कुत्ते झुंड में सड़कों पर घरों के बाहर घूम रहे हैं। माैका मिलते ही लोगों पर हमला कर देते हैं। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे इनसे खौफजदा हैं।
कुत्ते के काटने की पहली घटना फेज-1 स्थित एचई क्वार्टर्स की है। यहां प्रदीप धीमान पर अचानक कुत्ते ने हमला कर दिया। वह पड़ोसियों के साथ खड़े थे तभी अचानक एक आवारा कुत्ता पीछे से आया और उनकी टांग पर चार दांत गड़ाकर भाग गया। उनको तुरंत फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनको पांच इंजेक्शन लगाए। धीमान ने बताया कि इलाके में कुत्तों के झुंड नजर आते हैं। शिकायत करने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।
दूसरी घटना फेज-6 में हुई। यहां सेक्टर-41 निवासी अमनदीप अपने बच्चों के साथ आए थे। उसी दौरान कुत्तों का एक समूह बच्चों पर भौंकने लगा। बच्चों को बचाने के लिए जैसे ही अमनदीप ने उन्हें हटाने की कोशिश की, एक कुत्ते ने उनके हाथ पर काट लिया। स्थानीय निवासियों के अनुसार यह पहली बार नहीं है, बल्कि आए दिन कोई न कोई कुत्तों के हमले का शिकार हो रहा है।
अभियान की मांग तेज
लोगों ने बताया कि सुबह-शाम ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, बुजुर्ग और स्कूल जाने वाले बच्चे सबसे ज्यादा डर में रहते हैं। रात के समय कुत्तों के झुंड कई बार गाड़ियों और राहगीरों का पीछा भी करते हैं। स्थानीय निवासियों ने नगर निगम से इलाके में तुरंत पकड़ अभियान चलाने, कुत्तों का टीकाकरण करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि लगातार घटनाएं हो रही हैं लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
आवारा कुत्तों की समस्या लगातार बढ़ रही है और लोग बेहद परेशान हैं। हम सिर्फ शिकायत कर सकते हैं, काम तो नगर निगम को ही करना है। हर मीटिंग में आवारा कुत्तों और पशुओं का मुद्दा उठाया जाता है, लेकिन कोई समाधान नहीं निकलता। विपक्ष में होने के कारण भी कई बार काम में रुकावट आती है। - गुरमीत कौर, पार्षद, वार्ड-50
अगर वार्ड-50 में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ रही है तो पार्षद गुरमीत कौर मुझे आधिकारिक तौर पर लिखकर दें कि वहां कितने कुत्ते हैं और किस इलाके में सबसे ज्यादा समस्या है। जैसे ही संख्या और लोकेशन की स्पष्ट जानकारी मिलेगी, मैं अगली ही सुबह टीम भेजकर पकड़ अभियान शुरू करवा दूंगा। हमारी तरफ से किसी तरह की देरी नहीं होगी। - अमरजीत सिंह जीती सिद्धू, मेयर, मोहाली नगर निगम