मोहाली। शहर के लोगों ने घरों में रहकर जनता कर्फ्यू को कामयाब बनाया है। इसके लिए डीसी गिरीश दियालन ने लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने लोगों से अपील की है कि 31 मार्च तक जरूरत पड़ने पर ही घरों से निकलें।
इसके अलावा लोगों को कहा कि वह थोड़े-थोड़े समय के बाद हाथों को साफ करते रहें। समय-समय पर साबुन व पानी से कम से कम बीस सेकेंड तक हाथों को साफ करें या फिर एल्कोहल बेस्ड सैनिटाइजर का प्रयोग करें।
खांसी या छींक आने पर रुमाल या टिशु का प्रयोग करें। रुमाल नहीं है तो अपनी कोहनी को इकट्ठा करके मुंह कवर करें। फिर बढ़िया तरीके से हाथों को साफ करें। इसके अलावा भीड़ वाली जगहों पर जाने से परहेज करें। इसके अलावा अपने आंखों, मुंह व नाक को टच करने से बचें। यदि कोई व्यक्ति गत 14 दिनों से कोविड -19 से प्रभावित क्षेत्र या प्रभावित व्यक्ति के संपर्क में आया है तो वह भीड़ वाली जगह पर न जाए। अपने आप को घर में 14 दिन के लिए अलग रखे।
जिला प्रशासन ने जिन लोगों को घरों में ही निगरानी में रखा गया है, उनकी सारी डिटेल रोजाना मोहाली प्रशासन द्वारा अपनी वेबसाइट पर अपलोड की जा रही है। वहां से उन लोगों की जानकारी हासिल की जा सकती है। जहां तक हो सके उक्त लोगों के घर जाने से परहेज करें। हालांकि उक्त लोग कोरोना से पीड़ित नहीं है।
कोरोना से निपटने के इंतजाम पूरे
जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन ने कोरोना से निपटने के लिए पूरे इंतजाम किए हुए हैं। जो लोग बाहर से आते हैं वह यदि सिविल अस्पताल में नहीं रहना चाहते हैं, तो उनके लिए होटलों में भी इंतजाम किया गया है। वहां पर रहने के लिए उन्हें पैसे देने होंगे। इसके अलावा निजी अस्पतालों से भी संपर्क बनाकर रखा गया है।