मोहाली। एयरपोर्ट रोड पर स्थित क्वार्क सिटी लाइट प्वाइंट पर शनिवार तड़के सवा चार बजे भयंकर सड़क हादसा हो गया। मनाली से सवारी लेकर नेपाल जा रहे तेज रफ्तार टैंपो ट्रेवलर का संतुलन बिगड़ा और वह दूसरी ओर से आ रही कैब से जा टकराया। इस हादसे में सात बच्चे सहित 18 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद टैंपो ट्रेवलर का चालक मौके से फरार हो गया।
सुबह के समय एयरपोर्ट रोड काफी खाली होती है और उसमें वाहन तेजी के साथ गुजरते हैं। इस कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। बताया गया कि टैंपो ट्रेवलर में नेपाल जाने वाले मजदूर बैठे थे। इसमें कुल 18 सवारी थीं। कैब ड्राइवर इंडस्ट्रियल एरिया-8बी स्थित एक कंपनी का स्टाफ छोड़कर शाहीमाजरा से लौट रहा था और वह कैब में अकेला था। टेंपो ट्रैवलर की टक्कर इतनी जोरदार लगी कि टैक्सी के ड्राइवर साइड का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और टैक्सी ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के दौरान टेंपो ट्रैवलर सड़क पर पलट गई।
लोगों ने टेंपो ट्रैवलर के सवारियों को बाहर निकाला और अस्पताल ले गए
मौके पर मौजूद लोगों की मदद से टेंपो ट्रैवलर में सवार सवारियों को बाहर निकाला गया। साथ ही इस हादसे में घायल हुए लोगों को तुरंत इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया। यहां इलाज के बाद इनको छुट्टी दे दी गई। हादसे वाली जगह से चंद कदमों पर पुलिस चौकी है। इस हादसे की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।