मोहाली। वर्ष-2025 में जिले में छीना झपटी की वारदातों से लोगों में दहशत रही। बुजुर्गों और महिलाओं को घर से बाहर निकलने में डर लगने लगा था। इस वर्ष छीना झपटी के 167 मामले दर्ज किए गए। हालांकि पुलिस ने कार्रवाई कर 254 आरोपियों को गिरफ्तार किया लेकिन लोगों की दहशत कम नहीं हुई। जिले के कई क्षेत्रों में एक दिन में दो-दो जबकि कई क्षेत्रों में दो दिन में एक छीना झपटी का मामला सामने आया। गत वर्षों की तुलना में 2025 में छीना झपटी के मामलों में बहुत वृद्धि हुई है। लोगों की पुलिस से मांग है कि झपटमारों से पुलिस सख्ती से पेश आए। महिलाओं और बुजुर्गों में असुरक्षा की भावना घर कर गई है।
मोहाली पुलिस के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष-2023 के अंत तक छीना झपटी के 143 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई थी। वर्ष-2024 में यह आंकड़ा और बढ़ गया और पुलिस क्राइम रिकॉर्ड के अनुसार कुल 189 छीना झपटी के मामले दर्ज हुए। वर्ष 2025 में अब तक जिले में करीब 167 वारदातें हो चुकी हैं। इन मामलों में पुलिस ने 254 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो पुलिस की कार्रवाई को दर्शाता है। अदालती प्रक्रिया की बात करें तो छीना झपटी के मामलों में अब तक 100 से अधिक अपराधियों को सजा सुनाई जा चुकी है। कई मामले अभी अदालतों में विचाराधीन (अंडर ट्रायल) हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाई गई है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। अधिकतर मामलों में देखा गया है कि आरोपी नशे की लत या आसान पैसे कमाने की चाह में वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
कुछ चर्चित घटनाएं
1. फेज-7 में सुबह के समय पैदल जा रही एक महिला से बाइक सवार दो युवकों ने मोबाइल फोन छीन लिया। घटना सीसीटीवी में कैद हुई, जिसके आधार पर पुलिस ने कुछ ही दिनों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
2. खरड़ क्षेत्र में शाम के वक्त बाजार से लौट रहे बुजुर्ग व्यक्ति से सोने की चेन झपटी गई। आरोपी बाइक पर सवार थे। इसके बाद इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाई गई।
3.फेज-3बी2 में कॉलेज छात्रा से मोबाइल छीनने की वारदात सामने आई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि दूसरा अभी भी गिरफ्त से बाहर है।
4. एयरपोर्ट रोड जीरकपुर के नजदीक ऑटो से उतरते समय एक महिला से पर्स छीना गया, जिसमें नकदी और दस्तावेज थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए गिरोह का पर्दाफाश किया।
5. डेराबस्सी क्षेत्र में सुबह सैर पर निकले व्यक्ति से मोबाइल छीना गया। इस मामले में पुलिस ने पहले से स्नैचिंग में शामिल आरोपियों को पकडक़र वारदात का खुलासा किया।
कानूनी प्रावधानों के अनुसार छीनाझपटी के मामलों में अपराध की गंभीरता के आधार पर अलग-अलग धाराएं लगती हैं। सामान्य रूप से चोरी या झपटमारी के मामलों में न्यूनतम सजा जुर्माना या कुछ महीनों की कैद हो सकती है, जबकि अधिकतम सजा तीन वर्ष तक की कैद या जुर्माना या दोनों हो सकती है। यदि मामला लूट या बल प्रयोग से जुड़ा हो, तो कानून में अधिकतम 10 वर्ष तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान भी है। -पलविंदर सिंह सैनी, एडवोकेट पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट
ऐसे मामलों में पुलिस को गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश हैं। तुरंत एफआईआर के ऑर्डर हैं। संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त को बढ़ाया गया है। कई अपराधियों को पकड़ा है। अपराधियों को पकड़ने में सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जा रही है। कानून -व्यवस्था के लिए समय-समय पर पुलिस चेकिंग अभियान भी चलाती है। - हरमनदीप हंस, एसएसपी मोहाली।