पंजाब के स्मार्ट सिटी मोहाली का बदहाल बस स्टैंड
- फोटो : अमर उजाला
सुरक्षा, सफाई और सुविधाओं के लिहाज से पंजाब के स्मार्ट सिटी कहे जाने वाले मोहाली का फेज-8 स्थित बस स्टैंड बदहाल है। मोहाली के बस स्टैंड से रोजाना 400 से अधिक सरकारी और गैर सरकारी बसें अलग-अलग रूटों पर रवाना होती हैं। इसके बावजूद बस अड्डे पर पुलिस चौकी या सिक्योरिटी बूथ तो दूर पुलिस का एक जवान भी मौजूद नहीं रहता है। अमर उजाला की टीम ने जब बस अड्डे का रियल्टी चेक किया तो यहां वाटर कूलर, पंखों, फायर टेंडर, टॉयलेट, टूटी सड़कों और यात्रियों के बैठने के लिए लगे बेंच टूटे थे। जिक्रयोग है कि पंजाब सरकार मोहाली में हाइटेक बस स्टैंड का निर्माण कर रही है, जिसकी बिल्डिंग तैयार हो चुकी है। सरकारी और प्राइवेट बसों के चालकों-परिचालकों की माने तो इस वजह से फेज-8 स्थित पुराने बस अड्डे की कोई सुध नहीं ले रहा।
रामभरोसे बस अड्डे की सुरक्षा-व्यवस्था
अपने रिश्तेदारों को बस स्टैंड पर लेने आए सोच सेवा समिति के प्रधान अतुल शर्मा ने कहा कि यहां सुरक्षा और व्यवस्था पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार सिर्फ विकास के दावे कर रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे है।
इन रूट्स पर चलती हैं बसें
मोहाली से जालंधर, अमृतसर, लुधियाना, मोगा, सरहिंद, खन्ना पटियाला, बठिंडा, रोपड़ नंगल, होशियारपुर, पठानकोट, नाभा सहित कई रूटों पर बसेें आती-जाती हैं।