जीरकपुर। कालका चौक पर सीटीयू बस में चढ़ते समय महिला के हाथों से सोने के दो कड़े चोरी करने के मामले में पुलिस ने छह महिलाओं को गिरफ्तार किया है। वारदात 27 अगस्त 2026 को हुई थी। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
शिकायतकर्ता मनजीत कौर निवासी एकेएस-1 भबात, चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित पंजाब स्टेट ट्रांसपोर्ट कमिश्नर कार्यालय में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि ड्यूटी पर जाते समय कालका चौक पर बस में चढ़ने के दौरान महिलाओं ने धक्का-मुक्की की। यूटी बैरियर पहुंचने पर उन्हें छह तोले के दोनों सोने के कड़े गायब मिले। शिकायत पर 31 अगस्त को पुलिस ने बीएनएस की धारा 304(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया था।
बॉक्स: पटियाला, मालेरकोटला और नाभा की महिलाएं गिरफ्तार
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान करमजीत कौर पटियाला, चरनजीत कौर और रानी कौर निवासी शेर माजारा, पसियाना क्षेत्र पटियाला, शरणजीत कौर उर्फ शरण उर्फ बबली निवासी भागसू, शिंदर कौर उर्फ गुरमीतू निवासी मालेरकोटला और करमजीत कौर उर्फ मलकीत कौर निवासी नाभा के रूप में हुई है।