खरड़। नगर परिषद के चुनाव में रविवार को शहर में 58 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदाता सूची में अनेक गलतियां और कई वार्डों के मतदान केंद्र लोगों के घरों से दूर होने के कारण मतदान पिछले चुनावों की अपेक्षा धीमा और ठंडा रहा। इससे पहले नगर परिषद के चुनावों में 80 प्रतिशत तक मतदान होता रहा है। खरड़ के एक-दो वार्डों में कुछ शरारती तत्वों ने चुनावी माहौल को खराब करने का प्रयास किया, लेकिन मतदान केंद्रों के बाहर तैनात पुलिस ने इन्हें हिरासत में ले लिया। खरड़ सिटी पुलिस के थानाध्यक्ष दलजीत सिंह गिल ने बताया कि पुलिस ने छह लोगों को राउंडअप किया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। अगर इन पर लगे आरोप सही पाए गए तो इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शहर में मतदान को लेकर जहां सुबह लोगों में भारी उत्साह था, वहीं दोपहर बाद मतदान धीमी गति से चला। एक बजे के बाद अधिकांश मतदान केन्द्रों में वोटरों की भीड़ बेहद कम दिखाई दी। वार्ड नंबर-24 जहां पंजाब के कैबिनेट मंत्री चरणजीत सिंह चन्नीं के भाई कांग्रेस की ओर से चुनाव लड़ रहे हैं, इस वार्ड में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के समर्थकों और कांग्रेस के समर्थकों में कई बार कहासुनी हुई। लेकिन हर बार तैनात पुलिस ने दोनो पक्षों को शांत करवा कर मतदान केंद्र से दूर-दूर बैठा दिया।
कैबिनेट मंत्री चरणजीत सिंह चन्नीं जब इस मतदान केंद्र पर आए तो आम आदमी पार्टी के समर्थकों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की। लेकिन चन्नीं बिना किसी तैश में आए वहां से चुपचाप चले गए। पुलिस स्टेशन के नजदीक वार्ड नंबर 20 के क्रिश्चियन स्कूल मतदान केंद्र के बाहर भी दो उम्मीदवारों के गुटों में हल्की-फुल्की झड़प हुई। लेकिन पुलिस ने किसी बड़ी अप्रिय घटना को होने से रोक लिया और दोनों गुटों को घटनास्थल से हटाया। लांडरा रोड पर खालसा स्कूल और सरकारी बहुतकनीकी कॉलेज खूनीमाजरा में भी उम्मीदवारों के समर्थकों में कहासुनी की घटनाएं हुई। वार्ड नंबर-21 आर्य स्कूल खरड़ के बाहर खड़ी भाजपा की महिला उम्मीदवार की ओर से कई बार पुलिस को शिकायत करने पर पुलिस अधिकारियों को मौके पर आना पड़ा। आर्य स्कूल खरड़ में वाहनों की पार्किंग न होने और इस रोड पर हर रोज चलने वाले ट्रैफिक को पुलिस की ओर से नहीं रोकने के कारण लोगों को भारी मुश्किल का सामना करना पड़ा। आर्य स्कूल में वार्ड नंबर-20 और 21 दो वार्डों के 6 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। इनमें करीब छह हजार लोगों ने मतदान के लिए आना था। इस रोड पर चल रहे भारी ट्रैफिक और मतदान करने आए लोगों की भारी भीड़ के कारण इस रोड पर यातायात पूरी तरह जाम हो गया। खरड़ के एसडीएम हिमांशु जैन और डीएसपी खरड़ रूपिंदरदीप कौर सोही के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए खरड़ सिटी पुलिस स्टेशन के एसएचओ दलजीत सिंह और ट्रैफिक इंचार्ज ने सड़क के दोनों ओर बैरिकेड़ लगाकर आने वाले ट्रैफिक को रोककर दूसरी ओर से चलाया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई। वोटर सूची में अनेक गलतियां होने के कारण कई लोगों को मतदान केंद्र से वापिस लौटना पड़ा। इन लोगों के पास वोटर कार्ड तो थे, लेकिन उनका नाम वोटर सूची से गायब था। अनेक वोटर सूचियों में उन नामों को नहीं हटाया गया था। जिनकी मौत हो चुकी है या शहर छोड़ कर जा चुके हैं।
चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए पुलिस ने सभी मतदान केंद्रों पर 4 बजे मतदान बंद करवा दिया। सभी मतदान केंद्रों की ईवीएम को उम्मीदवारों की उपस्थिति में सील करके उन्हें कड़ी सुरक्षा में सरकारी बहुतकनीकी कॉलेज खूनीमाजरा में ले जाया गया। सभी मशीनों को कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखवाया गया है, जहां 17 फरवरी को सुबह इन मशीनों में बंद उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा।