मोहाली। पुलिस ने 48 घंटों में तीन अलग-अलग मामलों में छह नशा तस्करों को गिरफ्तार कर कुल 105 ग्राम हेरोइन और 5 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। सभी छह संदिग्ध फिलहाल मोहाली के विभिन्न पुलिस थानों में पुलिस रिमांड पर हैं। पहले मामले में मोहाली पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 25.95 ग्राम हेरोइन बरामद की है। डीएसपी सिटी 2 हरसिमरन सिंह बल ने बताया कि एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस के दिशा-निर्देशों पर नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसके मद्देनजर थाना फेज-11 के प्रभारी इंस्पेक्टर अमन ने मानसा जिले के सदर थाना सहरना से लखविंदर सिंह और सूरज सिंह को 25.95 ग्राम हेरोइन के साथ काबू किया है। इन संदिग्धों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस की पूछताछ में लखविंदर सिंह ने खुलासा किया है कि उसने हेरोइन फिरोजपुर के गांव खलचियां जदीद निवासी संदीप सिंह उर्फ बिल्ला से खरीदी थी। नतीजतन, संदीप सिंह उर्फ बिल्ला को मामले में नामजद किया है। लखविंदर सिंह के कहने पर फिरोजपुर में संदीप सिंह उर्फ बिल्ला के घर पर छापेमारी की गई, जिसमें 18.61 ग्राम नशीला पाउडर और 4.78 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई। मामले की जांच जारी है।
दूसरे मामले में, जीरकपुर में मोहाली पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर 25 ग्राम हेरोइन बरामद की। इसकी पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ राम सिंह निवासी वार्ड नंबर-17 नजदीक डॉ. वरपाल क्लीनिक नूरदी अड्डा, तरनतारन, वर्तमान में गांव बड़माजरा पुलिस स्टेशन बलौंगी मोहाली का निवासी है। पंजाब सरकार ने नशा तस्करी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए विशेष अभियान के तहत एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस द्वारा बदमाशों के खिलाफ अभियान के संबंध में जारी दिशानिर्देशों के अनुसार पुलिस सब-डिवीजन जीरकपुर के एसपी मनप्रीत सिंह और डीएसपी जसपिंदर सिंह ने कार्रवाई की है। जीरकपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह, सब इंस्पेक्टर बलराज सिंह सहित पुलिस पार्टी के साथ मैकडी चौक पर मौजूद थे, जब उन्होंने एक व्यक्ति को पैदल जाते देखा। पुलिस पार्टी को देखकर युवक ने अपना रास्ता बदल दिया और खेतों में भागने की कोशिश की। पुलिस पार्टी ने कुछ देर पीछा करने के बाद उसे पकड़ लिया। वह अपने हाथ में एक पॉलीबैग ले जा रहा था और पुलिस ने कहा कि तलाशी लेने पर उसके पास से 25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। उसे एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है। थाना जीरकपुर में केस दर्ज कर आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया है।
तीसरे मामले में मोहाली पुलिस ने कुराली में दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 37 ग्राम हेरोइन और 21,740 रुपये की ड्रग मनी बरामद की। मुल्लांपुर के डीएसपी मोहित अग्रवाल ने बताया कि पुलिस ने दोनों की पहचान छुपाई है, क्योंकि उनके और साथियों को अभी गिरफ्तार किया जाना है।