मोहाली। भारतीय सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहे युवकों के लिए अच्छी खबर है। जिले में सेना भर्ती रैली के लिए पंजीकरण करवाने वाले युवाओं की संख्या अब तक 718 पहुंच चुकी है।
अब इन युवाओं की सहायता के लिए प्रशासन ने 3बी1 के स्कूल ऑफ एमिनेंस में एक विशेष प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की है। इस संबंधी जिला रोजगार विभाग के उपनिदेशक हरप्रीत सिंह मानशाहिया ने बताया कि इस साल भर्ती प्रक्रिया में कई बदलाव किए गए हैं। लिखित परीक्षा जून 2025 के दूसरे हफ्ते में होगी, इसके लिए उम्मीदवारों को पहले से जागरूक किया जा रहा है। इस बार लिखित परीक्षा में न्यूनतम उत्तीर्ण प्रतिशत 85% कर दिया गया है, जो पिछले साल मात्र 48% था। ऐसे में युवाओं को अधिक मेहनत और अभ्यास की आवश्यकता है। प्रशिक्षण केंद्र में उम्मीदवारों को पंजाबी भाषा में प्रश्न बैंक की सॉफ्ट प्रति उपलब्ध कराई जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी वहां जाकर प्रश्नपत्रों की जानकारी, प्रशिक्षण और समस्या समाधान के लिए सहायता प्राप्त कर सकते हैं।