चंडीगढ़। केस दर्ज न करने के एवज में दस हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किए गए सेक्टर-17 थाना के एडिशनल एसएचओ एसआई बलविंदर सिंह और पीओ सेल के एएसआई हरमीत सिंह को पुलिस विभाग ने नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। यह कार्रवाई दोनों के खिलाफ विभागीय जांच के बाद की गई।
श्याम सुंदर अरोड़ा निवासी सेक्टर-15ए ने चेक चोरी होने पर अजय कुमार निवासी सेक्टर-40 के खिलाफ सेक्टर-17 थाने में शिकायत दी थी। एडिशनल एसएचओ एसआई बलविंदर सिंह ने सेक्टर-41डी में खाटू श्याम मोबाइल शॉप चलाने वाले अजय कुमार को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। अजय से कहा गया कि उस पर चेक चोरी करने का मामला दर्ज किया जा रहा है। अगर वह एक लाख रुपये की रिश्वत दे दे तो उस पर केस दर्ज नहीं किया जाएगा। पैसे नहीं देने पर केस दर्ज कर उसे जेल भेजा जाएगा। एसआई बलविंदर ने अजय से कहा कि आगे की कार्रवाई एएसआई हरमीत सिंह द्वारा की जाएगी। यह कहकर अजय को घर भेज दिया गया।
कुछ दिन बाद पीओ सेल में तैनात एएसआई हरमीत सिंह अजय की दुकान पर पहुंचा और कहा कि उसे एसएचओ बलविंद सिंह ने भेजा है। फिर उसने एक लाख रुपये मांगे। अजय ने कहा कि उसके पास इतने पैसे नहीं हैं। बातचीत के बाद 50 हजार रुपये में सौदा तय हुआ लेकिन अजय ने सीबीआई में शिकायत कर दी। सीबीआई की जांच टीम ने जाल बिछाया और आरोपियों के पैसे मांगने से संबंधित वीडियो व ऑडियो रिकॉर्डिंग की गई। फिर 10 अप्रैल को एएसआई हरमीत को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया। फिर सीबीआई टीम ने एसआई बलविंद्र सिंह को भी दबोच लिया। इसके बाद दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ एसएसपी के आदेश पर विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई थी।
वीआरएस लेने वाला था एसआई बलविंदर सिंह
विभागीय जांच का जिम्मा डीएसपी को सौंपा गया। जांच में सामने आया कि आरोपी एसआई बलविंदर सिंह ने वीआरएस के लिए आवेदन कर रखा था, जिसकी प्रक्रिया चल रही थी। वहीं, पीओ सेल का एएसआई हरमीत सिंह वर्ष 2024 में ही रिटायर होने वाला था। दोनों पर लगाए गए रिश्वत के आरोप जांच में सही निकले। डीएसपी ने जांच रिपोर्ट आलाधिकारियों को सौंपी, जिस पर कार्रवाई करते हुए दोनों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया।
ग्यारह महीने से ड्यूटी पर ही नहीं आया एएसआई, बर्खास्त
वहीं, एक अन्य मामले में करीब 11 महीने से ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहे एएसआई परमजीत सिंह को भी बर्खास्त किया गया है। लंबे समय से ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहे एएसआई को नियमानुसार कई बार ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए नोटिस भेजा गया लेकिन उसने न तो नोटिस का कोई जवाब दिया और न ही ड्यूटी ज्वाइन की। हालांकि इससे पहले भी एएसआई परमजीत विभागीय कार्रवाई के चलते सस्पेंड भी हो चुका है लेकिन अब ड्यूटी से नदारद रहने के चलते उसे बर्खास्त कर दिया गया है।