मोहाली। निकाय चुनाव की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद जिला पुलिस विभाग ने एक साथ जिले के सात थानों के एसएचओ के तबादले किए हैं। इसी दौरान चुनाव से पहले जो एसएचओ पुलिस लाइन भेज दिए गए थे, उनमें से कुछ की थानों में दोबारा वापसी हो गई है। जिला पुलिस का कहना है कि प्रबंधकीय आधार पर ही यह तबादले किए गए हैं और इसके आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। साथ ही सभी एसएचओ को नई जगह ज्वाइन करने के आदेश दिए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक निकाय चुुनाव से पहले पुलिस विभाग की ओर से कई थानों के एसएचओ के तबादले कर दिए गए थे। इनमें जिले के तीनों सब डिवीजन खरड़, मोहाली और डेराबस्सी के अधीन आने वाले थाने शामिल हैं। उम्मीद है कि नए एसएचओ के कमान संभालने के बाद जहां उक्त एरिया में अपराधों में कमी आएगी। वहीं, पुलिस और पब्लिक के बीच रिश्ते भी मजबूत होंगे।
नए आदेश के मुताबिक मटौर थाने में तैनात एसएचओ इंस्पेक्टर अशोक कुमार को थाना सिटी खरड़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह इंस्पेक्टर भगवंत सिंह को थाना बलौंगी का एसएचओ बनाया गया है। इससे पहले वह पुलिस लाइन में थे। इसी तरह इंस्पेक्टर मनफूल सिंह को मटौर थाने की कमान सौंपी गई है। इससे पहले वह पुलिस लाइन में थे। इसी तरह इंस्पेक्टर रजनीश कुमार को थाना हंडेसरा की जिम्मेदारी दी गई है। वह भी पहले पुलिस लाइन में थे। जबकि इंस्पेक्टर गुरवीर सिंह को थाना हंडेसरा से पुलिस लाइन भेज दिया गया है। थाना सिटी के इंचार्ज इंस्पेक्टर दलजीत सिंह को पुलिस लाइन में भेज दिया गया है। उक्त आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।