भट्ठे पर बने पानी के गड्ढे में डूबी सात साल की बच्ची
गांव बल्लोपुर मेें रात को खेलते हुए गिर गई थी छह फुट गड्ढे में, दो लोगों पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
लालड़ू। गांव बल्लोपुर के नजदीक एक ईंट के भट्ठे पर पानी से भरे छह फुट गहरे गड्ढे में सात वर्षीय बच्ची की गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने मृतक बच्ची की पहचान छोटिया कुमारी पुत्री टालूमांजी मूल निवासी बिहार के तौर पर बताई है। पुलिस ने मृतक बच्ची के पिता टालूमांजी के बयान पर भट्ठे के दो मुंशी राजेंद्र यादव और रुपेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
लालड़ू थाना प्रभारी अजितेश कौशल ने बताया कि मृतका के पिता टालूमांजी ने शिकायत दी कि वह परिवार के साथ गांव बल्लोपुर के नजदीक धर्मगढ़ रोड पर स्थित पीजीएस नामक भट्ठे पर काम करते हैं और वहीं रहते हैं। वीरवार रात करीब साढ़े 9 बजे उनकी सात वर्षीय बेटी छोटिया कुमारी घर पर नहीं मिली तो उसे इधर-उधर ढूंढा। जब नजदीक ही बने पानी से भरे गड्ढे में देखा तो बेटी पानी में डूबी हुई मिली और उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर बच्ची का शव निकलवाकर सरकारी अस्पताल डेराबस्सी की मोर्चरी में रखवाया।
बच्ची के पिता टालूमांजी ने आरोप लगाया कि उन्होंने कुछ दिन पहले ही मुंशी को उक्त गड्ढा बंद करने के लिए कहा था। लेकिन उन्होंने गड्ढा बंद नहीं किया। इस कारण उनकी बच्ची की मौत हुई है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया।