जीरकपुर। स्थानीय पुलिस ने एक व्यक्ति की शिकायत पर सीएनजी पंप के लिए किराये पर जमीन देने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। नामजद आरोपियों की पहचान मनजीत सिंह, मनजिंदर कौर, जसविंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह, कुलविंदर कौर के रूप में हुई है।
इस मामले में पुलिस को दी शिकायत में हरियाणा के जिला कुरूक्षेत्र निवासी शाहबाज सिंह ने पुलिस को बताया कि वह सीएनजी पंप के लिए किराये पर जमीन की तलाश कर रहे थे, उनकी मुलाकात अजीत सिंह कोल्ड स्टोर के हिस्सेदार मनजीत सिंह से हुई और मनजीत सिंह ने हिस्सेदारी वाली कंपनी में खुद को डायरेक्टर बताया। मनजीत ने शाहबाज सिंह को अपने भरोसे में लेकर सीएनजी पंप लगाने के लिए किराये पर देने वाली जमीन के लिए करीब 80 लाख रुपये लेकर दस्तावेजी कार्रवाई पूरी कर दी। इसके बाद शाहबाज सिंह ने सौदा तय होने के पर 60 लाख रुपये बैंक खातों में और बाकी रकम का भुगतान नकद कर दिया। वहीं, दूसरी ओर शाहबाज सिंह ने पुलिस को बताया कि सौदा होने के बाद जब उसने जमीन पर सीएनजी पंप लगाने के लिए काम शुरू किया तो कंपनी के अन्य सदस्यों ने एतराज जताकर उसे रोक दिया।
इसके बाद जब शाहबाज सिंह ने उनसे अपने लाखों रुपये की रकम वापस मांगी तो सभी आरोपी आनाकानी करने लगे।
इसके बाद अपने लाखों रुपये वापस लेने के लिए शाहबाज ने कई महीनों तक इन लोगों के पास चक्कर काटे, लेकिन आरोपियों ने उसके लाखों रुपये वापस नहीं किए। इस पर शाहबाज सिंह ने इस धोखाधड़ी की लिखित शिकायत एसएसपी मोहाली को दी। उन्होंने मामले में जांच करने के बाद उक्त आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत केस दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद जीरकपुर थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जीरकपुर थाने के एसएचओ ने इसकी पुष्टि की है।