चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में आधी रात की वारदात, पुलिस की तीन टीमों ने संभाला मोर्चा, आरोपी गिरफ्तार
घायल आदित्य राय निजी अस्पताल में भर्ती, यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने छात्र की हालत स्थिर बताई
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के घडुंआ कैंपस में मंगलवार देर रात पंखा बंद करने को लेकर दो रूममेट के बीच शुरू हुआ विवाद चाकूबाजी तक पहुंच गया। बीकॉम के छात्र अमनदीप सिंह ने बीटेक बायोटेक्नोलॉजी के प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य राय पर चाकू से चार वार कर घायल कर दिया। हमले में आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि हाथापाई में अमनदीप को भी मामूली चोटें आईं। घटना के बाद हॉस्टल में छात्रों की भीड़ जुट गई और उन्होंने कैंपस के मुख्य गेट पर नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस की तीन टीमें मौके पर पहुंचीं। घायल आदित्य राय झारखंड के बोकारो जिले का रहने वाला है। वहीं, आरोपी अमनदीप सिंह उत्तर प्रदेश के रामपुर का निवासी बताया गया है। दोनों यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में रहते हैं।
पुलिस के अनुसार, विवाद मंगलवार रात करीब 11 बजे के बाद हुआ, जबकि यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने घटना का समय रात 10.40 बजे बताया है। रात ढाई बजे तक कैंपस गेट पर छात्र नारेबाजी करते रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आदित्य और अमनदीप एक ही कमरे में रहते थे। मंगलवार रात कमरे में पंखा चल रहा था। अमनदीप ने कमरे में आने के बाद पंखा बंद कर दिया गया। आदित्य ने गर्मी लगने की बात कहकर पंखा दोबारा चलाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस और गाली-गलौज शुरू हो गई। इसके बाद आदित्य अपने बेड पर जाकर लेट गया। आरोप है कि इसी दौरान अमनदीप चाकू लेकर आया और आदित्य पर हमला कर दिया। उसने पीठ, बाईं बाजू, दाईं टांग और बाईं टांग पर वार किए। इससे आदित्य घायल हो गया। दोनों के बीच हाथापाई भी हुई, जिसमें अमनदीप को मामूली चोटें आईं।
शोर सुनकर जुटे छात्र
घटना की जानकारी हॉस्टल में फैलते ही बड़ी संख्या में छात्र एकत्रित हो गए। छात्रों में घटना को लेकर आक्रोश था और उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस की तीन टीमें मौके पर पहुंचीं। खरड़ के डीएसपी ईशान सिंगला के अनुसार, स्थिति संभालने के लिए गठित टीमों में तीन एसपी, दो डीएसपी और 11 एसएचओ शामिल थे। पुलिस ने छात्रों को समझाकर शांत कराया और रात करीब डेढ़ बजे तक उन्हें हॉस्टल भेज दिया। बुधवार सुबह चार बजे तक पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहे और इलाके में गश्त करते रहे।
आरोपी के खिलाफ केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
डीएसपी ईशान सिंगला ने बताया कि पुलिस ने घायल आदित्य के बयान दर्ज कर आरोपी अमनदीप सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 118(3) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच जारी है। घायल छात्र को उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यूनिवर्सिटी बोली- घायल छात्र की हालत स्थिर
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. सतबीर सिंह सहगल की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि 27 अक्तूबर की रात हॉस्टल में एक ही कमरे में रहने वाले दो छात्रों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान एक छात्र ने धारदार वस्तु से दूसरे को घायल कर दिया। घायल छात्र को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर है। उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है। यूनिवर्सिटी प्रबंधन के अनुसार, दूसरे छात्र को पुलिस के हवाले कर दिया गया है और जांच में पूरा सहयोग किया जा रहा है। घटना के बाद जानकारी लेने के लिए हॉस्टल के पास जुटे छात्रों को अधिकारियों ने समझाकर वापस भेज दिया। प्रबंधन ने यह भी कहा कि कैंपस में शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियां सामान्य रूप से जारी हैं।