नयागांव। कोरोना काल में रात्रि कर्फ्यू के बीच भी चोरों को पुलिस का डर नहीं है। शुक्रवार की रात चोरों ने मुख्य बाजार में दुकानों की छत से अंदर घुसकर दो दुकानों से सामान चोरी कर लिया। इनमें एक दुकान में मोबाइल फोन की एमआई कंपनी का स्टोर है और दूसरी करियाने की दुकान है। पुलिस ने दुकान मालिकों की शिकायत दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी ने कहा कि जल्द ही आरोपी काबू कर लिए जाएंगे।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात चोर दुकानों के पीछे गली से दुकानों की छत पर चढ़कर सीढ़ियों का दरवाजा तोड़कर दुकानों के अंदर घुसे और सामान चोरी करके ले गए।
इन दुकानों में एमआई स्टोर मालिक अश्वनी ने बताया कि उसकी दुकान से करीब डेढ़ लाख कीमत के मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी हुआ है।
दूसरी दुकान श्री श्याम ट्रेडर्स के मालिक सुरेंद्र बंसल ने बताया कि उनकी करियाना की दुकान से करीब 30 हजार रुपये का सामान चोरी हो गया है।
वहीं इस मामले में नयागांव मार्केट कमेटी के तरुण शर्मा ने कहा कि मार्केट में आए दिन दुकानों में हो रही चोरी की घटनाएं व्यापारियों के लिए चिंता का विषय है। पुलिस प्रशासन को चाहिए कि वह मार्केट में रात को अपनी गश्त बढ़ाए ताकि इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके। पिछले दिनों भी तीन दुकानों से रात के समय चोर सामान चोरी करके ले गए थे।