मोहाली। वीआईपी सिटी में सड़कों की सफाई का काम मशीनों से करवाने का ठेका खत्म होने के कारण सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। इस कारण कई जगह सड़कों पर सूखे पत्तों और गंदगी के ढेर लग गए हैं। हालत यह हैं कि फुटपाथ तक नजर नहीं आ रहे हैं। इस कारण हर समय हादसे होने का डर बना हुआ है। वहीं, सुबह-शाम सैर पर जाने वाले लोगों को भी दिक्कत उठानी पड़ रही है। लोगों ने नगर निगम से अपील की है कि इस संबंधी उचित इंतजाम किए जाएं, जिससे लोगों को दिक्कत न उठानी पड़े।
विधानसभा चुनाव की आचार संहिता के बीच इलाके की सड़कों की सफाई का ठेका खत्म हो गया था। इसके बाद नगर निगम की तरफ से सफाई का काम अपने सफाई मुलाजिमों से करवाया जा रहा है, लेकिन शहर का इलाका काफी बड़ा होने के कारण यह स्थिति बनी हुई है। फेज-एक, फेज-चार, फेज-11, फेज-3बी1, फेज-3बी2 समेत कई इलाकों में यह दिक्कत आ रही है। लोगों ने नगर निगम से इस दिशा में तुरंत कार्रवाई करने की अपील की है।
इस संबंधी फेज-11 के पूर्व पार्षद अमरीक सिंह तहसीलदार ने बताया कि उनके इलाके में यह समस्या ज्यादा हो गई है। कई दिनों से सफाई न होने के कारण हर तरफ लोगों के घरों के आगे सड़कों और पार्कों में सूखे पत्तों के ढेर दिखाई दे रहे हैं। नगर निगम के सफाई कर्मचारी भी नियमित नहीं आ रहे हैं। इस कारण भी पत्ते और गंदगी के ढेर लग रहे हैं। पूर्व पार्षद ने नगर निगम से मांग की है कि इलाके में सफाई व्यवस्था में जल्द से जल्द सुधार किया जाए। नगर निगम के डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी ने बताया कि यह समस्या पहल के आधार पर हल की जाएगी। लोगों को दिक्कत नहीं उठानी पड़ेगी।