मोहाली। एयरपोर्ट रोड पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से गमाडा की ओर से फेज-7 से फेज-11 तक की नई शॉपिंग स्ट्रीट की सिंगल लेन सड़क को डबल लेन करने का फैसला लिया था।
इसके बाद गमाडा ने लाइट पॉइंट पर हो रहे हादसों को ध्यान में रखते हुए फेज-7 से फेज-8 के लाइट पॉइंट के बीच 22 मीटर के दो गोल चक्कर (राउंड अबाउट्स) बनाने का निर्णय लिया था। अब इन राउंड अबाउट्स का निर्माण पूरा हो चुका है। इनके बनने से सड़क हादसों में कमी के साथ यातायात व्यवस्था सुधरने की उम्मीद है।
गमाडा के एक्सईएन पंकज महमी के मुताबिक इन राउंड अबाउट्स की मदद से सड़क सुरक्षा में वृद्धि होगी और वाहन चालकों को राहत मिलेगी। सड़क का चौड़ीकरण हो चुका था लेकिन गुरुद्वारा श्री अंब साहिब और पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड और मोहाली वॉक जैसे मॉल को देखते हुए भविष्य में ट्रैफिक बढ़ने के कारण होने वाले हादसों को ध्यान में रखते हुए पहल के आधार पर दो राउंड अबाउट्स बनाने का प्रस्ताव रखा गया था ताकि यातायात में रुकावट कम हो और दुर्घटनाओं का खतरा घटे। इस नए बदलाव से न केवल जाम की समस्या हल होगी बल्कि वाहनों की गति भी नियंत्रित रहेगी जिससे सड़क पर हादसों की संभावना कम होगी।