जीरकपुर। शहर के नामी माया गार्डन ग्रुप के दो प्रोजेक्ट की प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री पर पाबंदी लगा दी गई है। रेवेन्यू विभाग ने यह कार्रवाई प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड की हिदायतों पर की है। इसकी पुष्टि जीरकपुर के नायब तहसीलदार ने की है। रेवेन्यू विभाग ने माया गार्डन की कुछ पॉपर्टी की रजिस्ट्रियों पर रोक लगाने की जानकारी तहसील के नोटिस बोर्ड पर भी चस्पा कर दी है।
जानकारी के मुताबिक नोटिस में लिखा है कि प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड की ओर से उक्त प्रोजेक्ट की मंजूरी लेने के लिए सरकार की ओर से ली जाने वाले औपचारिकताएं पूरी नहीं की गई हैं। नायब तहसीलदार कुलविंदर सिंह ने कहा कि उनको प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड से लिखित आदेश मिला था कि बरनाला बिल्डर के ग्रुप माया गार्डन के बिशनपुरा में स्थित प्रोजेक्ट माया गार्डन-1 और 2 की रजिस्ट्रयां न की जाएं। इसके बाद उन्होंने उक्त प्रोजेक्ट की प्रॉपर्टी की रजिस्ट्रयां बंद कर दी। वहीं माया गार्डन ग्रुप के प्रबंधकों को प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड की गाइडलाइन पूरी करने के लिए कहा गया है।