फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mohali News: ओवरलोड टिप्परों के खिलाफ त्रिवेदी कैंप के लोग नाराज, लगाया जाम

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन

डेराबस्सी। निकटवर्ती गांव त्रिवेदी कैंप और आसपास के क्षेत्र के निवासियों का सब्र का बांध आज तब टूट गया, जब बड़ी संख्या में एकत्रित लोगों ने ओवरलोड टिप्परों की निरंतर आवाजाही के विरोध में रोष प्रदर्शन कर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने भंखरपुर-मुबारिकपुर रोड पर करीब आधा घंटा जाम लगाया। इनका आरोप है कि इन टिप्परों के कारण न केवल सड़कें टूट रही हैं, बल्कि आम लोगों का जीना भी दूभर हो गया है। बीती रात एक ओवरलोड टिप्पर के कारण बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए थे, इससे त्रिवेदी कैंप इलाके में कई घंटों तक बिजली की सप्लाई प्रभावित रही।

हैरानी की बात यह है कि हाल के दिनों में एसडीएम डेराबस्सी अमित गुप्ता और ट्रैफिक इंचार्ज मुबारिकपुर हरकेश सिंह ने इन ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और नाके लगाने के दावे किए थे। जमीनी हकीकत कुछ और ही बयान कर रही है। गांववासियों का कहना है कि अधिकारियों की चेतावनी के बावजूद ये टिप्पर बिना किसी डर के दिन-रात सड़कों पर दौड़ रहे हैं। त्रिवेदी कैंप के साथ मुबारिकपुर रेलवे अंडरपाथ की खस्ता हालत हो चुकी है। भारी लोड के कारण नई बनी सड़कें भी जगह-जगह से धंस गई हैं। गहरे गड्ढे पड़ चुके हैं। इससे हर रोज हादसों का डर बना रहता है। तेज रफ्तार और ओवरलोड टिप्परों के कारण बच्चों और बुजुर्गों के लिए सड़क पार करना खतरे से खाली नहीं है। ओवरलोड टिप्परों के कारण हर समय सड़कों पर धूल और प्रदूषण फैला रहता है। इन वाहनों से उड़ती रेत और मिट्टी के कारण इलाके में सांस लेना भी मुश्किल हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर पुलिस और संबंधित विभाग ने तुरंत इन ओवरलोड टिप्परों को स्थायी तौर पर नहीं रोका, तो वे आने वाले दिनों में अंबाला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे जाम करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। उन्होंने मांग की है कि कागजी कार्रवाई की बजाय ठोस कदम उठाते हुए इन वाहनों के रूट बदले जाएं या इनके चालान काटकर सख्त जुर्माना किया जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन


बिजली के ट्रांसफार्मर को मारी टक्कर, रातभर गुल रही बिजली
डेराबस्सी। निकटवर्ती गांव त्रिवेदी कैंप में एक ट्रक ने सड़क किनारे बिजली के ट्रांसफार्मर को टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रांसफार्मर पूरी तरह से चकनाचूर हो गया, लेकिन गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। यह हादसा बीती देर रात हुआ जब एक अनजान ट्रक ने सड़क किनारे रखे ट्रांसफार्मर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बिजली के खंभे उखड़ गए। हादसे के तुरंत बाद ड्राइवर ट्रक लेकर मौके से भाग गया। घटना की जानकारी मिलते ही सुबह पावरकॉम डिपार्टमेंट के कर्मचारी हरकत में आए। विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सबसे पहले बिजली सप्लाई काटी ताकि कोई अनहोनी न हो। नए बिजली के खंभे लगाकर स्ट्रक्चर को फिर से बनाया गया। ट्रांसफार्मर को रिपेयर किया गया और इलाके की बिजली सप्लाई ठीक कर दी गई। इस हादसे की वजह से इलाके की बिजली सप्लाई कई घंटों तक बंद रही, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें