जीरकपुर। नाभा के प्रभात रोड स्थित मिस्ट सोसाइटी में सोमवार को दोपहर करीब 1 बजे अचानक बिजली कट लगने से निवासियों को 9 घंटे तक भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली गुल रहने से घरों में अंधेरा छा गया और पानी की आपूर्ति भी प्रभावित रही। सोसाइटी के प्रधान रवि श्रीवास्तव, नील उत्पल सिंह, संजीव शर्मा, नीतू राय, कैलाश चंद्र, सुखदीप घोष, मनोज भारद्वाज और सीमा राणा ने बताया कि बिना सूचना कट लगने से रोजमर्रा के काम प्रभावित हुए। बच्चों और बुजुर्गों को गर्मी में विशेष परेशानी हुई।
निवासियों की नाराजगी और अधिकारियों से संपर्क
रवि श्रीवास्तव ने कहा कि उन्होंने स्थानीय जेई और एसडीओ से संपर्क किया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। पावर ग्रिड सोसाइटी से मात्र 500 मीटर दूर होने के बावजूद बिजली बहाली में लंबा समय लग गया, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ी। आखिरकार एक्सईएन मनदीप सिंह से संपर्क किया गया। उन्होंने आधे घंटे में बिजली बहाल करने का आश्वासन दिया। देर रात करीब 10:15 बजे बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
किसी टेक्निकल कमी के कारण दो से ढाई घंटे का बिजली कट लगा था। नौ से दस घंटे अघोषित कट की अफवाह फैलाई जा रही है। -मनदीप सिंह, एक्सईएन पीएसपीसीएल
स्थानीय प्रतिक्रिया:
बिना सूचना बिजली कट लगातार हो रही है, इससे बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी होती है। अधिकारियों को नियमित अपडेट देना चाहिए। - नील उत्पल सिंह
आज राहत मिली है, लेकिन भविष्य में ऐसी स्थिति से बचाने के लिए सही समय पर सूचना जरूरी है। सीमा राणा